ETV Bharat / state

'पापा को फांसी होनी चाहिए.. उसी ने मेरे पति को मारा', SSP से मिली राहुल की पत्नी तनुप्रिया

डीएमसीएच नर्सिंग छात्र राहुल हत्याकांड में उसकी पत्नी तनुप्रिया ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है. अपने पिता पर हत्या का आरोप लगाया है.

DMCH Nursing Student Murder Case
दरभंगा एसएसपी से मिली राहुल की पत्नी तनुप्रिया (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 12, 2025 at 4:33 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

दरभंगा: डीएमसीएच नर्सिंग छात्र हत्याकांड में मृतक राहुल मंडल की पत्नी तनुप्रिया ने अपने पिता पर हत्या का आरोप लगाया है. मंगलवार को उसने दरंभगा एसएसपी जगुनाथरड्डी जलरड्डी से मुलाकात की और एसडीपीओ के सामने अपना बयान भी दर्ज कराया. पीड़िता ने इंसाफ की गुहार लगाते हुए आरोपी पिता समेत अन्य आरोपियों को सजा दिलाने की मांग की.

एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार: तनुप्रिया अपने ससुराल के लोगों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचकर जगुनाथरड्डी जलरड्डी से मुलाकात की. उसके साथ सुपौल जिले के पिपरा से जेडीयू विधायक रामविलास कामत भी थे. बाहर निकलकर पत्रकारों से बातचीत करते हुए पीड़िता ने कहा कि जबतक तीनों आरोपियों को फांसी की सजा नहीं हो जाती, तब तक मेरे पति को न्याय नहीं मिल पाएगा.

मृतक राहुल की पत्नी तनुप्रिया ने SSP से लगाई इंसाफ की गुहार (ETV Bharat)

"प्रेमशंकर झा, अश्विनी वत्स, अवनीश वत्स और जो भी अज्ञात आरोपी है, सब को जल्द से जल्द सजा दिलवाएं. इन तीनों को तो फांसी की सजा मिलना चाहिए, तभी मेरे पति को न्याय मिलेगा."- तनुप्रिया, मृतक राहुल मंडल की पत्नी

DMCH Nursing Student Murder Case
मृतक राहुल की पत्नी तनुप्रिया (ETV Bharat)

जेडीयू विधायक ने दिलाया भरोसा: पीड़ित परिवार के साथ आए जेडीयू विधायक रामविलास कामत ने कहा कि मृतक की पत्नी ने विस्तार से बताया कि किस तरह पिछले एक साल से उन दोनों को परेशान किया जा रहा था. हमलोगों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और बच्ची को न्याय दिलाया जाए.

क्या बोले एसएसपी?: वहीं दरभंगा एसएसपी जगुनाथरड्डी जलरड्डी ने कहा कि सभी लोग मिलने आए थे. उनका बयान दर्ज करने के लिए सदर डीएसपी को कहा गया है. फिलहाल मामले का अनुसंधान चल रहा है. जांच के आधार पर दोषियों को जरूर सजा दिलाई जाएगी.

DMCH Nursing Student Murder Case
एसएसपी से मिलकर आती तनुप्रिया (ETV Bharat)

"फिलहाल मामले की जांच चल रही है. जो आई विटनेस ने बताया है, उससे हमारे अनुसंधान में मदद मिलेगी. उनके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई करेंगे. पीड़िता ने आवेदन दिया है. जांच के बाद जरूर उचित कार्रवाई करेंगे."- जगुनाथरड्डी जलरड्डी, एसएसपी, दरभंगा

क्या है मामला?: दरअसल, सुपौल की रहने वाली तनुप्रिया और सहरसा जिले के वनगांव के रहने वाले राहुल मंडल डीएमसीएच में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई करते थे. दोनों ने इसी साल अप्रैल में प्रेम विवाह किया था. अलग-अलग जाति से होने के कारण तनुप्रिया का परिवार इस शादी के खिलाफ था. इसी बीच 5 अगस्त को डीएमसीएच परिसर में राहुल की गोली मारकर हत्या कर दी गई. तनुप्रिया ने आरोप लगाया है कि उसके पिता प्रेम शंकर झा ने मेरी आंखों के सामने मेरे पति के सीने में गोली मारी थी.

DMCH Nursing Student Murder Case
तनुप्रिया और राहुल ने अंतर्जातीय विवाह किया था (ETV Bharat)

आरोपी पटना में इलाजरत: वहीं, गोली की आवाज के बाद मौके पर मौजूद छात्रों ने हत्यारे प्रेमशंकर झा को पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर दी. हालांकि पुलिस ने किसी तरह उसे भीड़ से बचाया. इस दौरान पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा. फिलहाल आरोपी का इलाज पटना के एक अस्पताल में चल रहा है.

मामले में दो प्राथमिकी दर्ज: इस मामले में 6 अगस्त यानी बुधवार को दो एफआईआर दर्ज की गई. भारतीय दंड संहिता की धारा 103, 61 और 3(5) और शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1-बी)ए, 26 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया. प्रेमशंकर झा, उनकी पत्नी गुंजन कुमारी, अश्विनी वत्स और अवनीश वत्स समेत चार लोगों को आरोपी बनाया गया है.

ये भी पढ़ें: 'लव मैरिज से नाराज थे पापा' बेटी का आरोप, DMCH में घुसकर दामाद को मारी गोली