डायरिया से कोरिया के बकुंठपुर में हड़कंप, अबतक 2 लोगों की बीमारी से हुई मौत
बीमारी को काबू में करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव गांव जाकर लोगों को जागरुक कर रही है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : September 30, 2025 at 8:36 AM IST
एमसीबी: कोरिया जिले के बैकुंठपुर जनपद के ग्राम नगर और एमसीबी जिले के ग्राम कोडांगी में कई लोग डायरिया से पीड़ित हैं. ग्राम नगर में अब तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3 से अधिक मरीजों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, वहीं, ग्राम कोडांगी के 7 मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, साथ ही कुछ मरीजों का उपचार खड़गवां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है. अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों की हालत में लगातार सुधार हो रहा है.
डायरिया के मरीजों की बढ़ रही संख्या: बीमारी को काबू में करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव जाकर सर्वे कर रही है. स्वास्थ्य विभाग की टीम ग्रामीणों को पानी उबालकर पीने और साफ-सफाई रखने की सख्त हिदायत दे रही है. सभी मरीजों की हालत पर स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार नजर बनाए हुए है. डॉक्टर लोगों को बता रहे हैं कि डायरिया से बचने के लिए कुछ सावधानियां लोगों को बरतनी चाहिए, जैसे कि पानी उबालकर पीना, साफ-सफाई रखना, दूषित पानी और भोजन करने से बचना चाहिए.
पहाड़पारा में डायरिया के मामले सामने आए हैं. एक ही परिवार में 9 लोगों में डायरिया पाया गया है, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई है. हमने प्रभावित इलाके में तत्काल कैंप लगाकर घर-घर में ओआरएस घोल और दवाएं वितरित करने का काम शुरु कर दिया है. परिवार से जो बात हुई है उसके मुताबिक सभी लोगों ने एक साथ बकरी का मांस खाया था, जिससे उन्हें डाइजेशन की समस्या हुई: चंदन त्रिपाठी, कलेक्टर, कोरिया

कलेक्टर की अपील: स्वास्थ्य विभाग और कलेक्टर ने लोगों से अपील की है कि वे पीने के लिए स्वच्छ जल का उपयोग करें और पानी को ढककर रखें. लोगों से कहा गया है कि वो बारिश के मौसम में पानी को उबालकर पीएं. यदि किसी को डायरिया की शिकायत होती है, तो वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जाकर ओआरएस घोल और दवाइयां प्राप्त कर सकते हैं. कलेक्टर ने बताया कि फिलहाल डायरिया पर काबू कर लिया गया है. जो भी मरीज अस्पताल में भर्ती हैं उनकी देखभाल की जा रही है.

डायरिया के लक्षण
- मरीज को लगातार दस्त
- पानी की कमी
- पेशाब कम हो जाना
- बारिश में इन बातों का रखें ख्याल
- स्ट्रीट फूड से बचें.
- खाना खाने से हैंडवॉश जरूर करें.
- बासी या ठंडा खाना नहीं खाएं.
- गर्म, ताजा भोजन ही खाएं.

पीलिया के लक्षण
- पेशाब का पीला होना
- आंखें लाल हो जाना
- भूख न लगना
- कमजोरी महसूस करना
इन बातों का रखें ध्यान: बारिश के दिनों में गंदे पानी से इंफेक्शन होने पर पीलिया और डायरिया फैलता है. स्ट्रीट फूड खाने के साथ ही साफ सफाई का ध्यान नहीं रखने की वजह से भी पीलिया और डायरिया का संक्रमण तेजी से फैलता है. ऐसे में लोगों को सतर्कता और सावधानी बरतनी चाहिए. घर में गर्म पानी को उबालकर पीना चाहिए. लोग अगर सतर्क और सावधान रहते हैं तो पीलिया और डायरिया के संक्रमण से काफी हद तक बचा जा सकता है.

