ETV Bharat / state

उत्तराखंड में डराने लगी बारिश, उफान पर आया धनगढ़ी नाला, यातायात ठप, पर्यटक फंसे

नैनीताल जिले में हो रही झमाझम बारिश, रामनगर में धनगढ़ी नाला का दिखा रौद्र रूप, नेशनल हाईवे 309 पर यातायात हुई ठप

DHANGARHI DRAIN OVERFLOW
उफान पर धनगढ़ी नाला (फोटो सोर्स- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : June 13, 2025 at 2:26 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रामनगर/काशीपुर: उत्तराखंड में बारिश का दौर शुरू हो गया है. नैनीताल जिले में भी झमाझम बारिश हो रही है. जिसके चलते रामनगर क्षेत्र में नदी नाले उफान पर आ गए हैं. इसी कड़ी में कुमाऊं और गढ़वाल को जोड़ने वाला नेशनल हाईवे 309 धनगढ़ी नाले के उफान पर आने से बाधित हो गया. वहीं, हाईवे पर नाले के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई. उधर, काशीपुर में बारिश से लोगों को राहत मिली है.

हर साल रौद्र रूप में नजर आता है धनगढ़ी नाला: बता दें कि यह वही मार्ग है, जो कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के ढिकाला पर्यटन जोन तक जाता है. लिहाजा, यहां सफारी पर जाने वाले कई पर्यटक भी बीच रास्ते में फंस गए. धनगढ़ी का यह बरसाती नाला हर साल बारिश के समय पर उफान पर आ जाता है. जो हादसे का कारण भी बन जाता है. इस बार भी बरसात से पहले ही नाले का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है.

उफान पर आया धनगढ़ी नाला (वीडियो सोर्स- ETV Bharat)

धनगढ़ी नाले से मटमैला पानी बहता देख सहमे लोग: आज यानी 13 जून की सुबह से नैनीताल में तेज बारिश हो रही है. जिसके चलते धनगढ़ी नाला उफान पर आ गया. जैसे ही नाले में पानी का बहाव तेज हुआ, वैसे ही वहां से गुजर रहे वाहन चालक रुक गए. नाले से मटमैला पानी को बहता देख लोग सहम गए. फिलहाल, वहीं, प्रशासन की ओर से एहतियातन लोगों को नाला पार न करने की सलाह दी गई.

DHANGARHI DRAIN OVERFLOW
धनगढ़ी नाले से बहता मटमैला पानी (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

पहाड़ी क्षेत्रों को जाने वाले वाहनों को रोका गया: इस बारिश के कारण न केवल स्थानीय लोग बल्कि, सैकड़ों की संख्या में पर्यटक भी प्रभावित हुए हैं. पहाड़ी क्षेत्रों को जाने वाले वाहनों को रोक दिया गया है. लगातार हो रही बारिश के कारण पानी का स्तर अभी भी खतरे के निशान के आसपास है. जिससे हालात और बिगड़ने की आशंका बनी हुई है. उधर, प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

DHANGARHI DRAIN OVERFLOW
मटमैला पानी (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

काशीपुर में बारिश होने से तापमान में गिरावट, कई जगहों पर जलभराव: उधम सिंह नगर जिले में आज बारिश का दौर जारी रहा. कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है. जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिली है. काशीपुर और आसपास के क्षेत्र में हुई बारिश ने लोगों को राहत दी है. वहीं, बारिश होने से गली मोहल्ले में जलभराव की स्थिति पैदा हो गईं.

Berinag Rain
काशीपुर में जलभराव (फोटो- ETV Bharat)

ये भी पढ़ें