ETV Bharat / state

अंतिम सोमवारी पर शिव भक्ति की गूंज से गूंजा रांची, पहाड़ी मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण

सावन के अंतिम सोमवार पर रांची के पहाड़ी मंदिर में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव पर जलार्पण किया.

Sawan 2025
पहाड़ी मंदिर (ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : August 4, 2025 at 10:06 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित होता है और इस महीने की अंतिम सोमवारी को सर्वाधिक पावन माना जाता है. इस मौके पर राजधानी रांची के पहाड़ी मंदिर समेत सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. सुबह से ही भोलेनाथ के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजने लगे. श्रद्धालु स्वर्णरेखा नदी और अन्य जल स्रोतों से जल भरकर बोल बम के नारों के साथ मंदिरों में पहुंचे और भगवान शिव को जल अर्पित किया.

रांची के ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर में सावन की हर सोमवारी को एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे. पहाड़ी मंदिर प्रबंधन समिति के अनुसार, इस सावन माह में अब तक चार लाख से अधिक श्रद्धालु जलार्पण कर चुके हैं. अंतिम सोमवारी के दिन सुबह 7:30 बजे तक ही 50 हजार से अधिक श्रद्धालु जल चढ़ा चुके थे, और शाम तक यह आंकड़ा दो लाख से अधिक होगा.

व्यवस्थाएं रहीं दुरुस्त, सुरक्षा में नहीं रही कोई चूक

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति की ओर से इस वर्ष विशेष तैयारी की गई थी. मंदिर आने और लौटने वालों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए थे. चढ़ाई और उतराई के लिए दो अलग-अलग सीढ़ियों की व्यवस्था की गई, जिससे भीड़ नियंत्रित रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो.

शिव भक्ति की गूंज से गूंजा रांची (ईटीवी भारत)

पूरे पहाड़ी मंदिर परिसर को CCTV कैमरों से लैस

पूरे पहाड़ी मंदिर परिसर को CCTV कैमरों से लैस किया गया था, जिसकी निगरानी कंट्रोल रूम से की जा रही थी. सभी प्रवेश और निकासी मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई थी. भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण रूप से रोक रही, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन मिल सका.

हर मोर्चे पर तैनात रहे सुरक्षाकर्मी और वॉलिंटियर्स

श्रद्धालुओं की सेवा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, झारखंड पुलिस के महिला और पुरुष जवानों के साथ-साथ पहाड़ी मंदिर पूजा समिति के वॉलिंटियर्स भी बड़ी संख्या में सक्रिय रहे. हर मोड़ पर दिशा-निर्देश देने, भीड़ नियंत्रित करने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए वॉलिंटियर्स की मौजूदगी नजर आई.

इसके अलावा जिला प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से स्वच्छता और चिकित्सा की भी विशेष व्यवस्था की गई थी. जगह-जगह जलपान केंद्र, प्राथमिक उपचार शिविर और मोबाइल मेडिकल टीम भी तैनात थी.

अन्य शिवालयों में भी रही श्रद्धा की छटा

रांची के प्रमुख शिवालयों जैसे सुरेश्वर धाम चुटिया, इक्कीसो शिवधाम चुटिया, पंचमुखी मंदिर हटिया, धुर्वा मंदिर, बड़गाईं, रितूडीह, नगड़ी, डोरंडा शिवालय समेत दर्जनों मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं. हर मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा गया था. स्थानीय थानों के पुलिस बल के अलावा विशेष सुरक्षा बल की तैनाती भी रही.

श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल, बेलपत्र, दूध, धतूरा, भांग, अक्षत और फूल अर्पित किए. पूरे दिन मंदिरों में रुद्राभिषेक, शिव चालीसा पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन होता रहा.

आस्था और उम्मीद के संग मनौती

हर भक्त की आंखों में आस्था और मन में अपनी-अपनी मनोकामनाएं थीं. किसी ने नौकरी की आशा में जल चढ़ाया, तो कोई संतान सुख, स्वास्थ्य या पारिवारिक सुख-शांति की कामना लेकर भगवान भोलेनाथ के चरणों में नतमस्तक हुआ.

भोलेनाथ के भक्तों का मानना है कि सावन की अंतिम सोमवारी को सच्चे मन से जल चढ़ाने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. यही विश्वास लाखों लोगों को हर साल यहां खींच लाता है.

शिवभक्ति की ऊर्जा बनी रहे

अंतिम सोमवारी के साथ अब पूरे साल शिवभक्ति की ऊर्जा लोगों के मन में बनी रहेगी. अब सभी की नजर रक्षाबंधन और भादो मास में पड़ने वाले हरतालिका तीज और गणेश चतुर्थी जैसे त्योहारों पर है. फिलहाल रांची ने सावन की अंतिम सोमवारी को भक्ति, व्यवस्था और सांस्कृतिक समरसता के सुंदर संगम के रूप में देखा और महसूस किया.

यह भी पढ़ें:

सावन के आखिरी सोमवार पर जलाभिषेक का विशेष महत्व, मिलती है मोक्ष की प्राप्ति, बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे बाबा धाम

सावन की अंतिम सोमवारी: बड़ी संख्या में आमेश्वर धाम पहुंचे श्रद्धालु, बाबा भोलेनाथ का कर रहे जलाभिषेक

भगवान शिव का अनोखा भक्त, हर पूर्णिमा 105 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचते हैं बाबा धाम, साल में 13 बार करते हैं बाबा का जलाभिषेक