रांची में ऑटो चालकों की गुंडागर्दी! ट्रैफिक पुलिस पर जानलेवा हमला, एक जवान गंभीर रूप से जख्मी
रांची में ट्रैफिक पुलिस पर जानलेवा हमला हुआ है. इस घटना में एक जवान घायल हुआ है.

Published : June 9, 2025 at 5:22 PM IST
रांची: राजधानी के कटहल मोड़ पर एक ऐसी घटना घटी है, जिसने पूरे पुलिस महकमे को सकते में डाल दिया है. ट्रैफिक व्यवस्था संभाले जवानों पर अचानक ऑटो चालकों का झुंड टूट पड़ा. नियम तोड़ने पर एक युवक को जवानों ने पकड़ा तो उसे छुड़ाने के लिए चार-पांच युवक टूट पड़े. जवानों पर मुक्के बरसाने लगे. देखते-देखते कई युवक जमा हो गये.
ट्रैफिक जवानों पर जानलेवा हमला
उस वक्त मौके पर एक ट्रैफिक और दो होमगार्ड जवान मौजूद थे. युवकों ने ट्रैफिक जवानों को पीटना शुरू कर दिया. लेकिन ट्रैफिक के जवानों ने हिम्मत नहीं हारी. एक जवान ने पास की दुकान से डंडा निकालकर उस युवक के पैर पर मारा, जो इस उपद्रव के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार था. इसी बीच उसी युवक ने एक जवान पर पीछे पत्थर से हमला बोल दिया. सिर के पीछे पत्थर लगते ही होमगार्ड जवान रोहित गंझू जमीन पर गिर गया.
हमलावरों को तत्काल गिरफ्तार करने का निर्देश
ट्रैफिक जवानों पर जानलेवा हमला करने के बाद सभी युवक फरार गये. इतना होने के बावजूद जवानों ने एक युवक को नहीं छोड़ा. उससे पूछताछ की जा रही है. रांची के एसएसपी चंदन सिन्हा ने इस घटना को बेहद गंभीर बताया है. उन्होंने हमले में शामिल युवकों को तत्काल धर दबोचने और सलाखों के पीछे भेजने का निर्देश दिया है.
आरोपियों पर सख्त कार्रवाई हो: होमगार्ड एसोसिएशन
इधर, घायल होमगार्ड जवान रोहित गंझू का प्राथमिक उपचार कटहल मोड़ के पास मौजूद रिंची अस्पताल में कराया गया. फिलहाल घायल जवान का इलाज रांची के सदर अस्पताल में चल रहा है. रोहित मूल रूप से चतरा के रहने वाले हैं. खास बात है कि मौके वारदात पर मौजूद आम शहरवासियों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया. होमगार्ड एसोसिएशन द्वारा यह वीडियो ईटीवी भारत को उपलब्ध कराया गया है. इसमें साफ दिख रहा है कि कैसे युवकों ने पुलिस कर्मियों पर हमला बोला था. होमगार्ड एसोसिएशन ने घटना की निंदा करते हुए आरोपी युवकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
बता दें कि राजधानी में ट्रैफिक नियम तोड़ने की घटनाएं आम हो गईं हैं. हेलमेट नहीं पहनने पर समझाने के दौरान अक्सर लोग ट्रैफिक पुलिस कर्मियों से उलझ जाते हैं. कोई ऐसा चौक चौराहा नहीं है, जहां ऑटो चालकों की मनमानी की वजह से जाम ना लगता हो. दूसरी तरफ ट्रैफिक पुलिस के जवान धूप, गर्मी और बरसात में बिना किसी सुविधा के ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने में जुटे रहते हैं. उनकी सेफ्टी तक की कोई व्यवस्था नहीं रहती है.
ये भी पढ़ें: वाहन मालिक सावधान! घर में खड़ी कार है कट रहा स्कूटी का चालान, ट्रैफिक एसपी ने कहा- पुलिस को तुरंत दें सूचना
रांची में पुलिसकर्मियों पर हमला, थाना प्रभारी समेत पुलिस जवान घायल
बेड़ो थाना पर हुए हमले में छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के भी लोग थे शामिल, 300 पर एफआईआर!
सरना जमीन अतिक्रमण विवाद! थाना में तोड़फोड़, पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की

