सो रहे पति पत्नी को घसीट कर ले गया, हथौड़ी से हमला.. पति की मौत, दरभंगा में खौफनाक वारदात
दरभंगा में दलान में सो रहे वृद्ध दंपती पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. घटना में पति की मौत हो गई है.

Published : August 13, 2025 at 2:53 PM IST
दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले में सोमवार की देर रात खाना खाकर सोने गए वृद्ध दंपती पर लोहे की राड और हथौड़ी से हमला किया गया है. जिससे पति की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि पत्नी डीएमसीएच में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है. ये पूरी घटना सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली बनौली पंचायत के धनकौल गांव की है.
वृद्ध दंपती को पहले आरोपी ने घसीटा: मृतक व्यक्ति की पहचान धनकौल निवासी रामलक्षण सहनी (70) के रूप में हुई है, जबकि घायल पत्नी का नाम सुनैना देवी बताया गया है. बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले वृद्ध दंपती को घसीटा था और फिर लोहे की राड और हथौड़ी से हमला किया था.
पति की मौके पर मौत: घटना के संबंध में सिमरी थाना को सूचना दी गई. सूचना मिलने के बाद सिमरी थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और मृतक रामलक्षण सहनी के शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा. मृतक रामलक्षण सहनी की बहु रेणू देवी ने सिमरी थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है.

''अचानक रात करीब 12 बजे पड़ोसी राजकुमार सहनी का बेटा कौशल किशोर सहनी उर्फ बाबाजी घर में घुसा और सास ससुर को घसीट कर ले गया. हथौड़ी से ससुर के सिर और आंख पर जानलेवा हमला कर दिया. जिससे उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई. साथ ही ससुर को बचाने आई सास को भी मारकर गंभीर रुप से जख्मी कर दिया''. -रेणु देवी, रामलक्षण सहनी की बहू
क्या बोले परिजन?: मृतक की बहू ने बताया कि. ससुर रामलक्षण सहनी ने घर आकर खाना खाया था और सास सुनैना देवी के लिए खाना लेकर डेरा चले गये थे. इसके बाद दोनों सास-ससुर मठिया स्थित दलान पर सोये हुए थे, तभी उन पर लोहे की राड और हथौड़ी से हमला कर दिया गया.

''आरोपी हमेशा नशे में रहता था. वह अक्सर लोगों से गाली-गलौज और मारपीट करता था. बच्चों के साथ कुछ विवाद हुआ था. जैसी ही उसे जानकारी मिली, उसने आक्रोश में आकर घटना को अंजाम दे दिया. फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है''. - एसके सुमन, सदर डीएसपी
ये भी पढ़ें-
बिहार की मर्डर मिस्ट्री, पत्नी के हत्यारे पति को ढूंढ रही थी पुलिस, तभी आई हैरान करने वाली खबर
'पापा को फांसी होनी चाहिए.. उसी ने मेरे पति को मारा', SSP से मिली राहुल की पत्नी तनुप्रिया
पटना में निजी स्कूल के हॉस्टल में छात्र की संदिग्ध मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

