ETV Bharat / state

Delhi: गाजियाबाद में रेलवे ट्रैक पर मिला नोएडा के कलेक्शन एजेंट का शव, जांच में जुटी पुलिस

-कलेक्शन के लिए घर से निकला था व्यक्ति. -परिजनों ने जताई हत्या की आशंका.

रेलवे ट्रैक पर मिला कलेक्शन एजेंट का शव
रेलवे ट्रैक पर मिला कलेक्शन एजेंट का शव (ETV Bharat)
author img

By IANS

Published : November 2, 2024 at 3:44 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली/गाजियाबाद: गाजियाबाद में रेलवे ट्रैक के पास नोएडा के एक कलेक्शन एजेंट का शव बरामद हुआ है. परिजनों ने आशंका जताई है कि हत्या कर वहां शव फेंक दिया गया. उनके मुताबिक, व्यक्ति अपने काम के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं आया. इस मामले में पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और लोगों से पूछताछ की जा रही है.

पुलिस के मुताबिक, मसूरी थाना क्षेत्र में डासना जेल रेलवे फाटक के पास शनिवार सुबह एक शव पड़े होने की सूचना मिली. इस सूचना पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. रेल पटरी पर एक लाश क्षत-विक्षत हालत में मिली थी. वहीं पटरी के किनारे प्लास्टिक ग्लास और शराब भी बरामद की गई थी. मृतक की पहचान विशाल तिवारी के रूप में की गई थी, जो नोएडा का रहने वाला था.

उसके परिजनों ने बताया कि विशाल कलेक्शन एजेंट था. शुक्रवार शाम वह कलेक्शन के लिए घर से निकला था, फिर वापस नहीं लौटा. बाद में उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया. वो रातभर उसको तलाशते रहे. शनिवार सुबह पुलिस के जरिए उन्हें खबर मिली कि विशाल की लाश रेल पटरी पर पड़ी हुई है. परिजनों को आशंका है कि लूट के बाद विशाल की हत्या कर दी गई और सुसाइड दिखाने के लिए लाश को रेल पटरी पर डाल दिया गया. पुलिस का कहना है कि इस ट्रैक से जो रेलगाड़ियां गुजरी हैं, उनके लोको पायलट से बातचीत की जा रही है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है. मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी.