आपकी कार से धुंआ निकल रहा है, कह- युवती को डराकर अपराधी उड़ा ले गए पर्स
रांची में चोरी की घटना सामने आई है. एक महिला की गाड़ी बहाने से रुकवाकर अपराधी उसका पर्स ले उड़े.

Published : August 2, 2025 at 8:49 PM IST
रांची: राजधानी के अरगोड़ा इलाके में अजीबोगरीब स्थिति पैदा कर एक युवती का पर्स कुछ अपराधियों ने उड़ा लिया. चार से पांच अपराधियों ने युवती की कार से धुंआ निकलने की बात कह उसे बातों में उलझाए रखा इसी बीच एक अपराधी कार में रखा पर्स लेकर गायब हो गया.
क्या है पूरा मामला
फार्मा कंपनी में काम करने वाली रूबी ने बताया कि वह अपनी कार से अरगोड़ा थाना क्षेत्र के कडरू से गुजर रही थी, उसी दौरान एक लड़का उनकी कार के पास आया और बोला कि कार से धुंआ निकल रहा है. लेकिन इस बात पर रूबी ने कोई ध्यान नही दिया. थोड़ी देर में एक और युवक उनकी कार के पास से गुजरा और उसने भी धुंआ निकलने की बात कही, लेकिन रूबी को उसपर विश्वास नहीं हुआ. लेकिन तभी एक बुजुर्ग ने भी कार से धुंआ निकलने की बात कही, जिसके बाद उन्होंने अपनी कार को रोक दिया.
बोनट पर मोबिल ऑयल फेंका गया था
जब वह कार से बाहर निकलीं तो देखा कि उनकी कार पर काला काला कुछ लगा हुआ है. जिसके बाद उन्हें लगा कि लगता सब सही बोल रहे हैं. इस दौरान जब रूबी ने अपनी कार का बोनट खोला तो एक युवक ने वहां आकर बोनट खोलने में मदद भी की. जैसे ही बोनट खुला पास में खड़ा युवक फरार हो गया. उसके बाद रूबी ने देखा कि उनके बोनट पर मोबिल ऑयल फेंका हुआ है. रूबी जब कार में बैठी तब उन्होंने देखा कि उनका पर्स गायब है.
नया तरीका आया सामने
रूबी कुमारी ने बताया कि कार में बैठने के बाद उन्हें समझ में आया कि मोबिल ऑयल फेंक कर, कार से धुंआ निकलने की बात बोलकर असल में उन्हें उलझा कर रखा गया. यह सिर्फ इसलिए किया गया ताकि उनकी कार से चोरी की जा सके. पर्स गायब होने के बाद रूबी अरगोड़ा थाना पहुंची और एफआईआर दर्ज करवाई. रूबी के अनुसार उनके पर्स में कुछ पैसे और जरूरी कागजात भी थे.
जांच में जुटी पुलिस
डीआईजी सह एसएसपी रांची चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि धुंआ निकलने की बात कह कर कार से पर्स गायब करने वाले अपराधियों की तलाश शुरू कर दी गई है. मामले में अरगोड़ा थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें-
मां की शिकायत पर बेटा अपने दोस्तों सहित पहुंच गया हवालात, जानें क्या है मामला
बंगाल का मेटल चोर गैंग, चोरी के मॉड्स और गैंग की रोटेशन पॉलिसी जानकर हो जाएंगे हैरान
सहेली के घर से ही गायब कर दिया था 30 लाख का गहना, पति के साथ हुई गिरफ्तार

