तहसील परिसर के खंडहर से आ रही थी बदबू, तलाश की तो पुलिस के उड़े होश, जानिए पूरा मामला
हल्द्वानी में रोडवेज स्टेशन और तहसील परिसर से सटे खंडहर से सड़ी गली लाश मिली है. जिससे हड़कंप मचा हुआ है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 24, 2025 at 8:50 PM IST
हल्द्वानी: उत्तराखंड में अपराध के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. आए दिन कहीं न कहीं पर हत्याएं और शव मिलने की घटनाएं सामने आ रही है. अब हल्द्वानी में कोतवाली से महज कुछ मीटर की दूरी पर रोडवेज से सटे तहसील परिसर के खंडहर में सड़ी गली लाश मिली है. लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
जानकारी के मुताबिक, रविवार यानी 24 अगस्त को दिन के समय हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन और उसके आसपास के क्षेत्र में काफी तेज दुर्गंध आने से लोग परेशान थे. लोगों ने तहसील परिसर में किसी जानवर के मरे होने की आशंका जताई. जिसकी बाद कुछ लोगों ने वहां पर तलाश शुरू की. इसके साथ ही लोगों ने पुलिस को भी सूचना दी. जब पुलिस और स्थानीय लोगों ने खंडहर की तलाशी ली तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए.
खंडहर के अंदर मिली सड़ी गली लाश: खंडहर के अंदर एक सड़ी गली लाश पड़ी हुई थी. पुलिसकर्मियों ने तत्काल सूचना अपने उच्चाधिकारियों को दी. सूचना मिलते ही हल्द्वानी पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू कर दी. लाश सड़ी गली अवस्था में थी, जिसके चलते उसकी पहचान करनें में पेशानी हुई. ऐसे में आस पास के लोगों को बुलाकर उसकी पहचान की गई. जहां काफी देर बाद जांच में पता चला कि मृतक का नाम मनोज बेलवाल था, जो नैनीताल जिला स्वास्थ्य विभाग में एंबुलेंस का चालक था.
स्वास्थ्य विभाग में एंबुलेंस चालक था मनोज: मनोज बेलवाल की ड्यूटी स्वास्थ्य विभाग के भवाली स्थित टीवी सेनेटोरियम में थी. वो काफी दिन से ड्यूटी नहीं जा रहा था. पुलिस ने परिवार वालों को बुलाया, जहां पता चला कि मनोज की पत्नी का निधन हो चुका है, तब से मनोज अवसाद में रहने लगा और शराब का आदी हो गया था. पिछले काफी समय से वो ड्यूटी पर भी नहीं जा रहा था. सूचना के मिलते ही मनोज के परिजन भी मौके पर पहुंच गए. मनोज मुख्य रूप से बेतालघाट निवासी बताया जा रहा है.
पत्नी का 5 साल पहले हो गया था निधन: बताया जा रहा है कि मनोज की पत्नी का निधन भी 5 साल पहले हो गया था. उनकी एक बेटी है, जो अपने मामा के साथ रहती है. पुलिस के मुताबिक, डेड बॉडी करीब 7-8 दिन पुरानी प्रतीत हो रही है. जिसके चलते काफी गल गया था. मौत की वजह पीएम यानी पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगा. फिलहाल, मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है.
"खंडहर मिले शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा."- रोहित सागर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक हल्द्वानी कोतवाली
असामाजिक तत्वों का अड्डा है खंडहर: बताया जा रहा है कि जिस जगह खंडहर में लाश मिली है, वहां पर असामाजिक तत्वों का अड्डा बना रहता है. नशेड़ी प्रवृत्ति के लोग वहां पर अक्सर अवैध गतिविधियां करते हैं. कयास लगाए जा रहे हैं कि मनोज ज्यादा शराब पीकर वहां पर गया होगा. जहां उसकी तबीयत खराब होने पर नशे की हालत में उसकी मौत हुई होगी.
ये भी पढ़ें-

