पिरान कलियर में होटल स्वामी के बेटे का अपहरण! 25 लाख रुपए की मांगी फिरौती, पुलिस जांच में जुटी
हरिद्वार के पिरान कलियर में अपहरण का मामला आया सामने, होटल स्वामी ने बेटे के अपहरण की दी शिकायत,कहा- बदले में मांग रहे 25 लाख

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : September 9, 2025 at 12:49 AM IST
रुड़की: हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र से एक युवक के अपहरण की घटना सामने आई है. इतना ही नहीं अपहरणकर्ताओं ने युवक के परिजन को उसी के मोबाइल से फोन कर 25 लाख रुपए की फिरौती की मांग की है. युवक के पिता ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी है. तहरीर के आधार पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है. साथ ही युवक की तलाश के लिए सीआईयू समेत चार पुलिस टीमों को लगाया गया है. हालांकि, अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है.
होटल स्वामी ने की बेटे की अपहरण की शिकायत: जानकारी के मुताबिक, पिरान कलियर थाना क्षेत्र के बेड़पुर गांव निवासी नसीर नामक व्यक्ति ने पुलिस को एक तहरीर दी है. तहरीर में बताया गया है कि उसका बेटा अनवर (उम्र 20 वर्ष) शनिवार के दिन घर से कलियर स्थित अपने होटल पर जाने की बात कहकर निकला था. जो शाम के समय करीब 4 बजे उसे सोहलपुर रोड स्थित एक दुकान पर देखा गया था. जिसके बाद अनवर का मोबाइल कभी ऑन और कभी ऑफ होता रहा.
अज्ञात व्यक्ति ने युवक के फोन से किया कॉल: वहीं, जब अनवर देर रात तक घर नहीं लौटा तो उसके परिजनों ने उसकी आसपास इलाके में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. वहीं, नसीर के मुताबिक, शनिवार की रात करीब 12 बजे अनवर के मोबाइल से उनके दामाद जुबैर के पास फोन आया और कॉल पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने बात की.
कॉलर ने 25 लाख रुपए मांगे तो परिजनों के उड़े होश: कॉल करने वाले शख्स ने कहा कि अनवर उनके पास है. अगर उसे सही सलामत वापस चाहते हो तो रविवार की दोपहर 2 बजे तक 25 लाख रुपये की व्यवस्था कर लें. इसके साथ ही कॉल करने वाले व्यक्ति ने समय और स्थान बाद में बताने की बात कही. जिसे सुन परिजनों के होश उड़ गए. इसके बाद उन्होंने तत्काल ही पुलिस से संपर्क किया और कार्रवाई की मांग की.
"इस मामले में तहरीर के आधार पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. युवक की तलाश के लिए सीआईयू समेत चार टीमों को लगाया गया है. पुलिस कॉल डिटेल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा."- शेखर चंद्र सुयाल, एसपी देहात
ये भी पढ़ें-

