ETV Bharat / state

देहरादून चाय बागान हत्याकांड: भाई ने की थी बहन की हत्या, लाश फेंकने में मदद करने वाला आरोपी गिरफ्तार

देहरादून चाय बागान में मिली थी युवती की लाश, भाई ने की थी हत्या, एक सहयोगी को पुलिस ने दबोचा, फरार भाई की तलाश जारी

Dehradun Tea Garden Girl Death Case
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (फोटो सोर्स- Police)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : September 23, 2025 at 5:12 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: बसंत विहार थाना क्षेत्र के चाय बागान इलाके में मिली युवती की लाश मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. युवती के हाथ-पैर बांधकर उसके साथ मारपीट की गई थी, फिर उसकी हत्या कर दी गई थी. नशा करने को लेकर हुए विवाद में युवती के भाई ने उसे मौत के घाट उतारा था. गिरफ्तार आरोपी ने हत्या के बाद युवती के भाई के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगाया था. वहीं, पुलिस अब आरोपी भाई की तलाश कर रही है.

चाय बागान में बोरे में मिला युवती का शव: बता दें कि, बीती 22 सितंबर को बसंत विहार थाना क्षेत्र के चाय बागान इलाके में एक 20 वर्षीय युवती की लाश मिली थी. लाश बोरे के कट्टे में बंद थी जबकि, सिर कट्टे से बाहर था. लाश को कट्टे में भरकर झाड़ियों में फेंका गया था. लाश मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था. आनन-फानन में पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.

एसपी सिटी प्रमोद कुमार का बयान (वीडियो- ETV Bharat)

युवती की मां अस्पताल में भर्ती और पिता लकवाग्रस्त: उधर, पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, साथ ही युवती के बारे में जानकारी जुटाई. एसपी सिटी प्रमोद कुमार के मुताबिक, युवती का नाम विशाखा था, जो प्रेमनगर की रहने वाली थी. विशाखा का परिवार बहुत बुरे हालात से गुजर रहा है. उसकी मां रसौली के ऑपरेशन के लिए अस्पताल में भर्ती है और पिता लकवाग्रस्त होने से काफी समय से बिस्तर पर लाचार है.

भाई ने मां को फोन कर कही थे ये बात: विशाखा की मां ने पुलिस को बताया कि बेटी पर जिम्मेदारी थी और उनका बड़ा बेटा विशाल नशे का आदी है. विशाल ने ही अस्पताल में भर्ती मां को सुबह 4 बजे फोन करके कहा कि 'बहन कहीं चली गई है, किसी को बताना नहीं.' सोमवार सुबह 10 बजे पता चला कि उनकी बेटी की लाश जंगल में मिली है. वहीं, घटना के बाद ही विशाल फरार है.

पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रही थी विशाखा: बताया जा रहा है कि विशाखा पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रही थीं. वो घर की सबसे जिम्मेदार सदस्य थी. घर को सहारा देना चाहती थी, लेकिन भाई की नशे की आदतों के कारण उसकी अनबन रहती थी. उसका बड़ा भाई विशाल नशे का आदी बताया जा रहा है. घटना के बाद से ही भाई फरार है. पुलिस ने बताया कि भाई-बहन के बीच अक्सर विवाद रहता था.

मां ने बेटे पर ही जताया बेटी की हत्या का शक: पुलिस ने भी भाई-बहन के बीच विवाद रहने की पुष्टि की है. मां ने बेटे पर ही बेटी की हत्या का शक जताया है. विशाखा के ममेरे भाई रोहित कुमार ने इस संबंध में बसंत विहार थाने में तहरीर दी. जिस पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.

चाय बागान में लगातार लाश मिलने से दहशत में लोग: वहीं, चाय बगीचे के इलाके में शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है. इस वारदात से पहले भी देहरादून के चाय बागान में संदिग्ध अवस्था में लाश मिली है. जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है. उधर, मामले में युवती के भाई की गिरफ्तारी के लिए एसओजी के साथ पुलिस टीम लगाई गई.

वहीं, सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पर 21 सितंबर की देर रात में 2 लोग बाइक पर एक सफेद रंग के कट्टे को मृतका के घर से लेकर जाते हुए दिखाई दिए. फुटेजों से संदिग्ध व्यक्तियों के हुलिए के आधार उनकी जानकारी जुटाई गई. जिसमें बाइक सवार व्यक्तियों की पहचान मृतका के भाई विशाल और उसके किराए पर रहने वाले व्यक्ति राजा के रूप में हुई. वहीं, पुलिस ने राजा को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की. जिसमें उसने सच उगल दिए.

सहयोगी आरोपी राजा गिरफ्तार: एसपी सिटी प्रमोद कुमार के मुताबिक, आरोपी राजा ने बताया कि 21 सितंबर की रात विशाल ने नशे में अपनी बहन विशाखा के साथ मारपीट की थी. जिसके बाद रात करीब 1 बजे विशाल उसके कमरे पर आया और कुछ काम होने की बात कहकर उसे अपने साथ अपने कमरे में ले गया. जहां विशाखा मृत अवस्था में फर्श पर पड़ी थी और उसके दोनो हाथ-पैर बंधे हुए थे.

विशाल से पूछने पर उसने विशाखा के हाथ-पैर बांधकर उसके साथ मारपीट करने की बात बताई और शव को ठिकाने लगाने के लिए उसके साथ चलने को कहा. जिस पर दोनों आरोपियों ने विशाखा के शव को एक सफेद रंग के कट्टे में डालकर विशाल की बाइक से उसे टी स्टेट के जंगल में फेंक दिया और वापस अपने घर आ गए.

संबंधित खबरें पढ़ें-