प्रेम विवाह करने वाली विवाहिता ने पति पर लगाए गंभीर आरोप, मामला दर्ज
रतनगढ़ में एक विवाहिता ने पति पर प्रेमजाल में फंसाकर शादी करने और जेठ पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है.

Published : March 18, 2025 at 6:33 PM IST
चूरू: रतनगढ़ में प्रेम विवाह के एक साल बाद प्रेमी जोड़े के जीवन में भूचाल आ गया. जहां एक साल पहले साथ जीने-मरने की कसमें खाने वाली युवती ने पति के खिलाफ प्रेमजाल में फंसाकर शादी कर लेने और अब दो जेठ के के खिलाफ मुकदमा पुलिस में दर्ज करवाया है. पुलिस ने विवाहिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सब इंसपेक्टर सुभाषचंद्र ने बताया कि रतनगढ़ निवासी एक विवाहिता अपनी मां के साथ थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दी कि वह और उसका पति एक ही मोहल्ले के हैं. बचपन से ही दोनों का एक-दूसरे के घरों में आना-जाना था और दोनों प्यार में पड़ गए. करीब एक साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह भी कर लिया. अब ससुराल पक्ष के लोग विवाहिता पर 5 लाख रुपये व सोने के आभूषणों की डिमांड कर रहे हैं.
वहीं, विवाहिता ने रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि शादी के एक वर्ष बाद भी उसे बच्चा नहीं होने पर ससुरालवालों ने उसे पहले तांत्रिक और बाद में डॉक्टरों से जांच करवाई. जांच में उसकी रिपोर्ट तो सही आई, लेकिन पति में दिक्कत की बात सामने आई. विवाहिता ने अब दो जेठ पर गंभीर आरोप लगाया है कि जेठ भी उस पर बुरी नजर रखते हैं. करीब 15 दिन पहले पति रात के समय बाहर गया हुआ था, तो उसका एक जेठ कमरे में घुस गया तथा अश्लील हरकतें करने लगा.
उसने विवाहिता को बताया कि हमें पहले से ही पता है कि तुम्हारे पति में खामियां हैं, इसीलिए उसने प्रेम विवाह किया है. होली की रात दोनों जेठ शराब के नशे में विवाहिता के कमरे में घुस गए तथा जबरदस्ती करने का प्रयास करते हुए मारपीट की. जैसे-तैसे विवाहिता ने घटना से अपनी मां को अवगत करवाया, जिस पर रिश्तेदार मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

