सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार : विधायक के पैर रगड़ते ही उखड़ गई सड़क, ग्रामीणों ने धान रोपकर दिखाया आक्रोश
सुभासपा विधायक दुधराम ने निरीक्षण के दौरान घटिया सड़क निर्माण की खोली पोल, वीडियो वायरल. कूपनगर गांव में ग्रामीणों ने जलमगन सड़क पर रोपा धान.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 19, 2025 at 11:02 AM IST
|Updated : July 19, 2025 at 11:26 AM IST
बस्ती : सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के तेजतर्रार विधायक दुधराम ने एक बार फिर लोक निर्माण विभाग के भ्रष्टाचार की पोल खोली है. महादेवा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान विधायक ने बनकटी ब्लॉक के ग्राम महथा से देवकली तक बनाई जा रही सड़क में धांधली की तस्वीर सामने आई है. विधायक ने पैरों से खुरच कर सड़क की खराब गुणवत्ता दिखाई और अफसरों को कड़ी चेतवनी दी. वहीं सदर विकासखंड की ग्राम पंचायत चमरौहा सियरापार के कूपनगर गांव के ग्रामीणों ने अनदेखी से तंग आकर मुख्य सड़क पर भरे पानी में धान की रोपाई कर विरोध जताया.
महादेवा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों में हुए भ्रष्टाचार का एक और ज्वलंत मामला सामने आया है. मामला बनकटी ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम महथा से देवकली तक बनाई जा रही सड़क का है. लाखों रुपये की लागत से बनाई जा रही सड़क के निर्माण में अनियमितता मिली है. निरीक्षण पर पहुंचे विधायक दुधराम ने बनाई गई सड़क पर पैर रगड़ा तो डामर व कंक्रीट की परत उखड़ गई और मिट्टी का ढेर दिखाई देने लगा. यह देख विधायक दुधराम आग बबूला हो गए और मौके पर मौजूद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार प्रतिनिधियों को जमकर फटकार लगाई. विधायक ने उच्च स्तरीय जांच के साथ मामला विधानसभा सत्र के दौरान उठाने की बात कही है.

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अवधेश कुमार यादव का कहना है कि प्रकरण संज्ञान में आने पर संबंधित जेई और ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई गई है. जेई के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. खराब सड़क को उखाड़ कर फिर से निर्माण करवाया जाएगा. बरसात में कार्य करने की जानकारी उनके विभाग को नहीं थी. इसलिए अब सड़क का काम पूरी गुणवत्ता के साथ ही होगा.
बस्ती में अनोखा विरोध प्रदर्शन ; खराब सड़क पर ग्रामीणों ने धान रोपकर दिखाया आक्रोश
बस्ती के सदर विकासखंड की ग्राम पंचायत चमरौहा सियरापार के कूपनगर गांव के ग्रामीणों ने मुख्य सड़क की दुर्दशा से तंग आकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया है. ग्रामीणों सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासनिक अधिकारियों को उनकी अनदेखी और लापरवाही का आईना दिखाने का प्रयास किया है. इस अनोखे प्रदर्शन में युवा, बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल हुए. ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क गड्ढों में तब्दील है. गहरे और बड़े गड्ढों की वजह से इस पर चलना जानलेवा साबित हो रहा है. कई बार स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला.
कूपनगर के निवासी रामशंकर ने बताया कि सड़क पर वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल है. बरसात में सड़क नदी जैसा रूप धारण कर लेती है. इसका खामियाजा स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा भुगतना पड़ रहा है. अक्सर बच्चे स्कूल जाते समय इन गड्ढों में गिरकर चोटिल हो जाते हैं. ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत नहीं होने पर बड़े और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है.

