पति-पत्नी और वो के बीच पीट गया हवलदार, टीओपी में पथराव के बाद पहुंची पुलिस की पेट्रोलिंग टीम
धनबाद में पुलिस की पिटाई का मामला सामने आया है. झगड़े को शांत करने पहुंचे हवलदार की पिटाई कर दी गई है.

Published : October 4, 2025 at 8:35 PM IST
धनबाद:जिले के झरिया थाना अंतर्गत बस्ताकोला टीओपी में शनिवार को प्रेम प्रसंग के विवाद ने बड़ा रूप ले लिया. प्रेमी-प्रेमिका और पति के बीच हो रही कहासुनी और मारपीट को शांत कराने पहुंचे हवलदार पर ही हमला हो गया. प्रेमी नीतिश ने हवलदार की जमकर पिटाई कर दी.
टीओपी पर पथराव
घटना के बाद हालात और बिगड़ गए, जब नीतिश के परिवार और बस्ती के सैकड़ों महिला-पुरुष टीओपी पहुंचकर पथराव करने लगे. पथराव से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई. स्थिति को संभालने के लिए झरिया इंस्पेक्टर समेत दर्जनों पुलिस बल मौके पर पहुंचे और किसी तरह भीड़ को नियंत्रित किया.
एक युवक गिरफ्तार
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शशि रंजन पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया और घटनास्थल से एक बाइक भी जब्त कर ली.
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस पदाधिकारियों ने साफ कहा है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न दोहराई जाए.

भुक्तभोगी हवलदार ने दी जानकारी
मामले को लेकर हवलदार ललित यादव ने कहा कि दो लड़के आपस में मारपीट कर रहे थे.उन्हें समझाने के लिए गए थे. इसी बीच लड़के ने हमला कर दिया. लड़के के द्वारा टीओपी में तोड़फोड़ भी की गई है. उसने टीओपी की खिड़की और दरवाजा को तोड़ दिया. उन्होंने कहा कि अगर पेट्रोलिंग टीम नहीं पहुंचती तो उनकी हत्या भी हो सकती थी.

लिखित शिकायत पर होगी आगे की कार्रवाईः थाना प्रभारी
वहीं इस मामले में झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन ने कहा कि टीओपी में आकर दो लड़के लड़ाई कर रहे थे. पत्नी के साथ किसी दूसरे लड़के का प्रेम प्रसंग का मामला था. उसी लड़के के साथ विवाद और लड़ाई चल रही थी. हवलदार ललित यादव उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे थे. इस दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की की गई है.
उन्होंने कहा कि हवलदार के द्वारा अब तक लिखित शिकायत नहीं की गई है. शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

ये भी पढ़ें-
SISF जवान ने ट्रैफिक पुलिस अधिकारी और सुरक्षा जवानों को पीटा, भेजे गए जेल
दो युवकों ने थाने में पुलिस अधिकारी को जमकर पीटा, वीडियो आया सामने - Ranchi police beating
धनबाद में कोयला माफियाओं की चलती है दबंगई, थाने में घुसकर पुलिस को पीटा

