ETV Bharat / state

महागठबंधन में सीट बंटवारे पर फंसा पेंच, सुलझाने के लिए लालू से मिले राहुल गांधी के करीबी नेता

महागठबंधन में अबतक सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर सहमति नहीं बन पाई है. इस बीच कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने लालू यादव से मुलाकात की.

Bihar Election 2025
आरजेडी चीफ लालू यादव (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : June 29, 2025 at 1:43 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एक तरफ जहां महागठबंधन में सीट बंटवारे पर जिच बरकरार है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं का बिहार दौरा बढ़ गया है. इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी इन दिनों पटना दौरे पर हैं. शनिवार को उन्होंने आरजेडी चीफ लालू यादव से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की. उनके साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह भी मौजूद थे.

लालू यादव से मिले दिग्विजय सिंह: कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास पर जाकर लालू यादव से भेंट की. हालांकि उन्होंने इसे औपचारिक मुलाकात बताते हुए कहा कि लालू यादव उनके बड़े भाई की तरह हैं. हमलोग अक्सर एक-दूसरे से मिलते रहते हैं. उनका हाल-चाल जानने के लिए वह उनसे मिलने आए हैं.

लालू यादव से मिले दिग्विजय सिंह (ETV Bharat)

"लालू प्रसाद यादव उनके सीनियर लीडर हैं. उनके साथ उनका मधुर संबंध है. लालू प्रसाद उन्हें प्रेम से दिग्विजय यादव कहते हैं, इसीलिए दिग्विजय यादव आज लालू यादव से मिलने के लिए पहुंचे हैं."- दिग्विजय सिंह, नेता, कांग्रेस

चुनाव से पहले यह मुलाकात महत्वपूर्ण: बिहार में इसी साल विधानसभा का चुनाव होना है और इंडिया गठबंधन की तरफ से अभी तक सीटों को लेकर सहमति नहीं बन पाई है. कांग्रेस 70 सीटों की डिमांड कर रही है. साथ ही अभी तक मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में तेजस्वी यादव के नाम पर मुहर नहीं लग पाई. यही कारण है कि दिग्विजय सिंह और लालू प्रसाद के बीच हुई यह मुलाकात महत्वपूर्ण है. दिग्विजय सिंह के लालू प्रसाद से बेहतर संबंध है.

शिक्षा को लेकर प्रेस वार्ता करेंगे: बिहार में शिक्षा की बढ़ाहल स्थिति को लेकर कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है. शिक्षा एवं रोजगार को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह रविवार को पटना में पत्रकारों के साथ बातचीत करेंगे. बिहार में शिक्षा रोजगार और पलायन को लेकर कांग्रेस ने नौकरी दो पलायन रोको यात्रा की थी. यूथ कांग्रेस एवं छात्र कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के द्वारा कन्हैया कुमार के नेतृत्व में बिहार के 17 जिलों में यह पदयात्रा की गई थी.

क्यों सीट बंटवारे पर है पेंच: असल में कांग्रेस 2020 चुनाव की तरह ही इस बार भी 70 सीट चाहती है. इसके साथ ही अपनी पसंद की सीट भी चाहती है लेकिन चर्चा है कि आरजेडी 50-55 सीट से अधिक देने को तैयार नहीं है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तेजस्वी यादव ने लोकसभा चुनाव 2024 की तर्ज पर विधानसभा चुनाव में सीट शेयरिंग के फॉर्मूले को सामने रखा. इसके आधार पर एक लोकसभा सीट के तहत 6 विधानसभा सीटें आती हैं. इसका मतलब ये हुआ कि कांग्रेस का दावा 54 सीटों पर बनता है.

ये भी पढ़ें:

ऐसा भी क्या हो गया.. तेजस्वी की बैठक से लौटते ही कांग्रेस ने बुला ली बड़ी मीटिंग

महागठबंधन का CM फेस कौन? बैठक के बाद नेताओं ने कहा- जब चेयरमैन तेजस्वी यादव हैं तो पूछना क्या है?

महागठबंधन में चल क्या रहा है? तेजस्वी के बाद कांग्रेस भी लेकर आ गई 'माई बहिन मान योजना'