राजस्थान में सीएनजी व पीएनजी की दर में कटौती, झालावाड़ में नहीं घटाए दाम
मुख्यमंत्री ने नेचुरल गैस से वेट घटाने का ऐलान किया.अब 10 के बजाय 7.5 फीसदी वैट लिया जाएगा, लेकिन झालावाड़ में दरें कम नहीं की.

Published : March 17, 2025 at 2:12 PM IST
कोटा: राज्य सरकार ने कंप्रेस्ड और पाइप्ड नेचुरल गैस के दामों में कटौती की. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बजट घोषणाओं के जवाब में नेचुरल गैस से वैट घटाने का ऐलान किया. इस पर अब 10 फीसदी के बजाय 7.5 फीसदी वैट वसूला जाएगा. लिहाजा पीएनजी व सीएनजी के दाम घटे हैं. राजस्थान के करीब 100 सीएनजी स्टेशनों पर दाम घटा दिए गए. अब पीएनजी के लाखों उपभोक्ताओं को कम बिल देना पड़ेगा. ऐसे में उपभोक्ताओं को 2.12 रुपए प्रति लीटर की राहत सीएनजी पर मिली है. यह दाम राज्य सरकार के उपक्रम राजस्थान स्टेट गैस लिमिटेड (आरएसजीएल) के अलावा टोरेंट व अडाणी गैस ने भी घटाए हैं, लेकिन झालावाड़ जिले में सीएनजी सप्लाई कर रही मेघा इंजीनियरिंग ने दरें नहीं घटाई है.
पढ़ें : राजस्थान गैस ने दी सीएनजी, पीएनजी सहित सभी वर्गों के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत -
आरएसजीएल के डीजीएम कोटा सीपी चौधरी में बताया कि राजस्थान स्टेट गैस लिमिटेड उपभोक्ताओं को 93.21 पैसे प्रति किलो की दर से सीएनजी उपलब्ध करा रही थी. इसमें 2.12 रुपए की कमी की. इसके बाद उपभोक्ताओं को 91.09 रुपए में सीएनजी उपलब्ध होगी. बेस्ट सीएनजी कोटा जिले के साथ जयपुर, कूकस और नीमराना में उपलब्ध करा रहे हैं. यहां सब जगह 15 सीएनजी फिलिंग स्टेशन हैं.
टोरेंट और अडाणी ने घटाए दाम: टोरेंट गैस ने भी राजस्थान में संचालित कंप्रेस्ड नेचुरल गैस के दामों में कमी की. टोरेंट के भारत सेनानी ने बताया कि कम्पनी के पास कोटा जिले का रूरल एरिया, बारां व चित्तौड़गढ़ की रावतभाटा तहसील का जिम्मा है. जहां कंपनी के 16 सीएनजी फिलिंग स्टेशन कार्यरत है. जिम सीएनजी के दाम में 2 रुपए की कमी की. पहले जहां 93.21 दाम थे, अब 91.21 रुपए प्रति किलो हो गए. अडाणी गैस के बूंदी, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा व उदयपुर में फिलिंग स्टेशन हैं. कंपनी के सचिन शर्मा ने बताया कि बूंदी जिले में पहले दाम 87.21 थे, जो अब 87.18 रुपए प्रति किलो हो गए.
इधर, झालावाड़ में सीएनजी फिलिंग का एक स्टेशन है. यहां मेघा इंजीनियरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के पास काम है. फिलहाल उन्होंने सीएनजी के दाम में कमी नहीं की. वहां 93.50 रुपए प्रति किलो सीएनजी के दाम हैं. उधर, आरएसजीएल के डीजीएम सीपी चौधरी ने बताया कि घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस डीपीएनजी में 1.25 रुपए की कमी की. इसमें 50.50 से 49.35 प्रति एमसीएम किया गया. कमर्शियल पीएनजी के दाम 66 से डेढ़ रुपए की कमी के बाद 64.50 प्रति एमसीएम हुए. इसी तरह से इंडस्ट्रियल पीएनजी के दाम में 1.41 रुपए की कमी हुई. पहले जहां 62 रुपए में थी, अब 60.59 प्रति एमसीएम की दर से मिलेगी. कोटा में सीएनजी के हजारों उपभोक्ता हैं.

