ETV Bharat / state

बिहार में ऋषिकेश की तर्ज पर बना लक्ष्मण झूला, आज CM नीतीश कुमार करेंगे लोकार्पण

सीएम नीतीश आज पटना को 878 करोड़ से ज्यादा रुपए की योजनाओं की सौगात देंगे और केबल सस्पेंशन लक्ष्मण झूला पुल का लोकार्पण भी करेंगे.

CHIEF MINISTER NITISH KUMAR
पटना को CM नीतीश कुमार देंगे बड़ी सौगात ((ETV Bharat))
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : September 5, 2025 at 9:11 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पटना जिले के लिए 1159 करोड़ 84 लाख योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. कुल 17 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण होगा. इसमें बिजली विभाग और पर्यटन से संबंधित योजनाएं भी हैं. इसके अलावा पुनपुन में निर्मित केबल सस्पेंशन लक्ष्मण झूला पुल का लोकार्पण भी होगा. कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्री और कई मंत्री मौजूद रहेंगे.

चुनावी साल में शिलान्यास और उद्घाटन: चुनावी साल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार विकास से संबंधित योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन कर रहे हैं. इससे पहले गया जिले को 899 करोड़ 46 लाख रुपए की योजनाओं की सौगात दी गई थी, जबकि सारण में लगभग 2000 करोड़ की योजना का उद्घाटन हो चुका है.

17 योजनाओं का होगा शिलान्यास और लोकार्पण: जिन 17 योजनाओं का आज सीएम नीतीश कुमार शिलान्यास और लोकार्पण करने वाले हैं, उसमें से प्रमुख योजनाओं में 301 करोड़ 93 लाख की लागत से 400, 220 और 132 केवी GIS ग्रिड उप केंद्र बख्तियारपुर औ संबंध संचरण लाइन का निर्माण, 256 करोड़ 6 लाख की लागत से 400 केवी बक्सर थर्मल पावर प्लांट नौबतपुर डबल सर्किट संचरण लाइन का निर्माण शामिल है.

लक्ष्मण झूला केबल सस्पेंशन पुल का होगा लोकार्पण: वहीं, सीएम नीतीश 130 करोड़ 10 लाख की लागत से 9 विद्युत शक्ति उप केंद्र का शिलान्यास करेंगे. साथ ही 82 करोड़ 99 लाख की लागत से पुनपुन पिंडदान स्थल पर निर्मित केबल सस्पेंशन लक्ष्मण झूला पुल का लोकार्पण भी करेंगे.

पुनपुन नदी पर आरसीसी पुल का होगा शिलान्यास: 80 करोड़ 12 लाख की लागत से 17 नये 33 केवी लाइनों का निर्माण, 70 करोड़ 31 लाख की लागत से 21 नये 33 केवी लाइनों का निर्माण, 19 करोड़ 77 लाख की लागत से पालीगंज प्रखंड अंतर्गत समदा एवं गुलरिया बिगहा गांव के बीच पुनपुन नदी पर आरसीसी पुल और पहुंच पथ का निर्माण कार्य का शिलान्यास भी सीएम नीतीश कुमार करेंगे.

पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता का होगा विस्तार: इसके अलावा आज 22 करोड़ 99 लाख की लागत से 18 विद्युत शक्ति उपकेंद्रों में पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता का विस्तार, 14 करोड़ 99 लाख की लागत से पालीगंज के औलाद सूरज मंदिर में पर्यटकीय सुविधा के विकास कार्य का शिलान्यास और 41 करोड़ 48 लाख की लागत से पटना गया रोड के कंडाप को दो लेन सड़क से जोड़ने के कार्य का शिलान्यास भी होगा.

एक दर्जन योजना सिर्फ बिजली विभाग से संबंधित: पटना जिले की 17 योजनाओं में से 12 यानी एक दर्जन योजना सिर्फ बिजली विभाग से संबंधित हैं. बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए ग्रिड के साथ ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने पर भी काम हो रहा है. साथ ही संचरण लाइनों को भी दुरुस्त किया जा रहा है.

आचार संहिता लगने से पहले काम शुरू करने की कोशिश: मुख्यमंत्री नीतीश ने प्रगति यात्रा के दौरान सभी 38 जिलों में 50000 करोड़ से अधिक की योजनाओं की घोषणा की थी. अब उस पर हर जिले में धरातल पर काम शुरू हो रहा है और जिन जिलों में बचा हुआ है, उसे आचार संहिता लगने से पहले शुरू करने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है.

ये भी पढ़ें-