सारण को CM नीतीश कुमार देंगे बड़ी सौगात, 878 करोड़ से अधिक की योजनाओं का करेंगे शिलान्यास
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज सारण के दौरे पर हैं. इसी बीच वो जिले को 878 करोड़ 84 लाख रुपए की योजनाओं की सौगात देंगे. पढ़ें...

Published : September 4, 2025 at 2:46 PM IST
पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनावी साल में बिहारवासियों को एक के बाद एक तोहफा दे रहे हैं. इसी बीच सारण जिले को 878 करोड़ 84 लाख रुपए की योजनाओं का तोहफा आज मिलने वाला है. साथ ही 7 योजनाओं का शिलान्यास और कार्य भी शुरू किया जाएगा. इससे पहले गया जिले को 899 करोड़ 46 लाख योजनाओं की सौगात दी गई थी.
कार्यक्रम में शामिल होंगे ये मंत्री: दोपहर बाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. जिसमें बिहार सरकार के दोनों मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा शामिल होंगे. साथ ही ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव और पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन भी मौजूद रहेंगे.
इन योजनाओं का होगा शिलान्यास: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 445 करोड़ 90 लाख की लागत से 400, 220 और 132 के वी ग्रिड उप केंद्र छपरा एवं 132 केवी के संचरण लाइन के निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे. साथ ही 93 करोड़ 62 लाख की लागत से सारण जिला अंतर्गत एकमा मशरख पथ के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास करेंगे.
एकमा से डुमाईगढ़ तक मार्ग होगा चौड़ा: इसके अलावा 89 करोड़ 95 लाख की लागत से सारण जिला अंतर्गत नेशनल हाईवे 19 के छूटे हुए छपरा क्षेत्र पथ के चौड़ीकरण कार्य का भी सीएम नीतीश शिलान्यास करेंगे, जबकि 60 करोड़ एक लाख की लागत से एचटीएलएस द्वारा कंडक्टरिंग के कार्य का शुभारंभ करेंगे. वहीं, 41 करोड़ 66 लाख की लागत से सारण जिला अंतर्गत एकमा से डुमाईगढ़ तक पथ का चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास भी होगा.
कुल पांच 33 केवी लाइन का होगा शुभारंभ: साथ ही सीएम नीतीश 40 करोड़ 53 लाख की लागत से सारण जिला अंतर्गत खैरा बिन टोलिया पथ का चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास करेंगे और 7 करोड़ 17 लाख की लागत से एकमा ग्रेड उपकेंद्र, शीतलपुर ग्रिड उप केंद्र और मशरख ग्रिड उप केंद्र में कुल पांच 33 केवी लाइन के निर्माण कार्य का शुभारंभ करेंगे.
आचार संहिता लगने से पहले काम शुरू करने की कोशिश: बता दें कि प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जो घोषणा की थी. अब उस पर हर जिले में धरातल पर काम शुरू हो रहा है और जिन जिलों में बचा हुआ है, उसे आचार संहिता लगने से पहले शुरू करने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है.
ये भी पढ़ें-

