पुलिस ने दो चिट्टा तस्करों को किया गिरफ्तार, लंबे समय से सुंदरनगर में थे एक्टिव
सुंदनरग में पुलिस ने दो चिट्टा तस्करों को गिरफ्तार किया है. कोर्ट ने आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 4, 2025 at 3:34 PM IST
सुंदनगर: बीबीएमबी कॉलोनी व इसके आस-पास के क्षेत्र में बीते लंबे समय से चिट्टे की सप्लाई कर रहे दो मुख्य सरगनाओं को मंडी पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. इनमें एक सप्लायर पड़ोसी राज्य पंजाब व दूसरा बिलासपुर जिला की सीमा पर सटे नैना देवी का रहने वाला है. पुलिस लंबे समय से इन दोनों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी.
7 ग्राम चिट्टा और 25 हजार रुपये बरामद
बीएसएल थाना की टीम ने दोनों आरोपियों को 7 ग्राम चिट्टे के साथ दबोचा है. वहीं, दोनों आरोपियों से 25 हजार रुपये नकदी भी बरामद हुई है. देर रात बीएसएल पुलिस कॉलोनी की टीम हेड कॉन्स्टेबल भानु शर्मा की अगुवाई में गश्त पर थी. इस दौरान न्यू कॉलोनी के पास 2 लोग पुलिस को देखकर घबरा गए और अपने पास रखे बैग को नाली में फेंक दिया.
इससे पहले की दोनों आरोपी भाग पाते पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया. पुलिस ने जब बैग की तलाशी ली तो बैग से चिट्टा और नकदी बरामद हुई. आरोपियों की शिनाख्त अनिल कुमार उम्र 33 साल जिला रोपड़ पंजाब और सुनील दत्त उम्र 42 साल नैणा देवी जिला बिलासपुर के तौर पर हुई है.
एक अन्य मामले में चरस हुई बरामद
वहीं एक अन्य मामले में पुलिस थाना सुदंरनगर के तहत पड़ने वाली डैहर चौकी की टीम ने नाके के दौरान अलसू चौक में हरियाण रोडवेज की बस में सवार हमीरपुर निवासी एक युवक से 438.1 ग्राम चरस बरामद की है. पकड़े गए आरोपी की पहचान 32 वर्षीय अक्षय कुमार निवासी बड़सर जिला हमीरपुर के तौर पर हुई है.
कोर्ट ने आरोपियों को दिया 3 दिन का पुलिस रिमांड
पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा ने बताया "दोनों मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. सोमवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से तीनों आरोपियों को तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है."
ये भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर मनाली में गुरुग्राम की युवती के साथ दुष्कर्म, पीड़िता ने दर्ज करवाई शिकायत

