साहब ई-बाइक दे दो, दिव्यांग की गुहार, दो वक्त की रोटी कमाने के लायक हो जाऊंगा
छिंदवाड़ा में आयोजित मेगा हेल्थ चेकअप कैंप में दिव्यांग ने ई-बाइक की मांग की लगाई गुहार, पहले भी कलेक्ट्रेट में दे चुका है अर्जी.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : September 18, 2025 at 9:35 AM IST
छिंदवाड़ा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर छिंदवाड़ा में मेगा हेल्थ चेकअप कैंप लगाया गया था. इस कैंप में सशक्त नारी स्वास्थ्य परिवार के अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विभिन्न कैंप लगे थे. इस दौरान एक दिव्यांग व्यक्ति ई बाइक की मांग को लेकर पहुंचा. वह 80 प्रतिशत दिव्यांग है. उसने कहा, "मुझे बैटरी वाली गाड़ी चाहिए, जिससे 2 वक्त की रोटी कमा कर खा सकूं."
'भरण पोषण के लिए लगा रहा हूं गुहार'
छिंदवाड़ा के ग्राम सवारी बाजार के रहने वाले लालचंद कुमरे जिले में आयोजित मेगा हेल्थ चेकअप कैंप में पहुंचे. इस कैंप में बड़ी संख्या में लोग अपना चेकअप करवाने के लिए पहुंचे थे. यह कैंप सशक्त नारी स्वस्थ परिवार के अंतर्गत लगाया गया था. जहां लालचंद अपनी मांग करने लगे. लालचंद कुमरे ने बताया कि "पहले भी कलेक्ट्रेट में जाकर कलेक्टर साहब से गुहार लगाई थी कि बैटरी वाली ई-बाइक मिल जाए तो वहां अपना जीवन अच्छे से बिता सके. लेकिन कार्रवाई नहीं हुई."
अधिकारियों पर लगाया आरोप
लालचंद कमरे ने कहा कि, ''मैं मेडिकल रूप से 80% दिव्यांग हूं. उसके बाद भी इस योजना का लाभ नहीं मिल रहा." उन्होंने अधिकारियों पर सरकारी योजनाओं का लाभ न दिलाने का आरोप लगाया है.

'एक्सीलेटर पर कंट्रोल करने में सक्षम नहीं'
छिंदवाड़ा के डिप्टी कलेक्टर और उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग के पुष्पेंद्र निगम ने ईटीवी भारत से बात की तो उन्होंने बताया कि "लालचंद कमरे पहले भी उनके पास आया था. वह 80% दिव्यांग है परंतु उनके दोनों हाथ पूरी तरह से फोल्ड नहीं होते. वह एक्सीलेटर पर कंट्रोल करने में सक्षम नहीं है. उनका डॉक्टर से भी चेकअप कराया गया था यदि उनके हाथ थोड़े ठीक हो जाते हैं और डॉक्टर परामर्श देते हैं तो ही उन्हें बाइक दी जा सकती है."
सांसद और प्रभारी मंत्री से मिलने पहुंचा था दिव्यांग
दिव्यांग लालचंद कुमरे ने बताया कि वह मेगा हेल्थ शिविर में छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह और सांसद विवेक बंटी साहू से मिलने के लिए पहुंचा. परंतु जनता अधिक होने के कारण उनकी मुलाकात नहीं हो पाई.
- मध्य प्रदेश से प्रधानमंत्री ने मांगा मां-बहनों से गजब का बर्थडे गिफ्ट, सुनकर खुश हुईं महिलाएं
- 630 घंटे में बना पीएम मोदी का सुनहरा गिफ्ट, इंदौर देगा 1035 पन्नों का गोल्डन बुक
बता दें कि, छिंदवाड़ा के दशहरा मैदान में बड़ी संख्या में स्वास्थ्य शिविर कार्यक्रम में महिलाएं और पुरुष पहुंचे थे. जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75 में जन्मदिन के अवसर पर सशक्त नारी स्वास्थ्य परिवार के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए काउंटर बनाए गए थे.

