छतरपुर में रियल एस्टेट कारोबारी के आवास पर ED का छापा, सुबह से रात तक सर्चिंग
छतरपुर में एक बिल्डर के ठिकानों पर ईडी ने दबिश दी. ईडी ने कई फाइलें और डिजिटल सामग्री जब्त की. जमीन घोटाले का अंदेशा.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : October 4, 2025 at 2:16 PM IST
|Updated : October 4, 2025 at 7:44 PM IST
छतरपुर : छतरपुर में प्रवर्तन निदेशालाय (ED) का छापा पड़ते ही पूरे शहर में हड़कंप मच गया. शुक्रवार सुबह रियल एस्टेट कारोबारी के आवास पर टीमें कई वाहनों से पहुंची. सुबह से लेकर शाम तक कारोबारी के आवास के साथ ही और ठिकानों पर सर्चिंग की कार्रवाई चलती रही. इस दौरान किसी को भी आवास से बाहर जाने और अंदर आने की अनुमति नहीं दी गई. इस बारे में ईडी ने कोई बयान नहीं दिया. लेकिन स्थानीय पुलिस का कहना है कि ईडी ने किसी घोटाले को लेकर कार्रवाई की है.
जमीन घोटाला व वित्तीय अनियमितताओं की चर्चा
छतरपुर में बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन व्यवसायी के ठिकानों पर छापेमारी की खबर सुनते ही शहर के बिल्डर्स और खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया. कारोबारी के आवास पर भोपाल से आई टीम ने छापा मारा. ED की टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया. चर्चा है कि ED की यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग या वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले में की गई. हालांकि ED ने अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन स्थानीय पुलिस ने ED की कार्रवाई की पुष्टि की है. छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बगौता इलाके में ये कार्रवाई की गई.
छापे से ठीक पहले स्थानीय पुलिस को दी सूचना
बताया जाता है जिसके यहां ईडी ने दबिश दी है, उसके शहर और आसपास बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन के कई प्रोजेक्ट्स चल रहे हैं. सूत्रों का कहना है कि इस बिल्डर द्वारा जमीन की खरीद-फरोख्त में कई संदिग्ध लेनदेन के मामले किए गए हैं. ईडी की टीम में कुल 5 लोग थे. ये टीम भोपाल से पुलिस फोर्स के साथ छतरपुर पहुंची. छापे से कुछ देर पहले ही इसकी सूचना छतरपुर पुलिस को दी गई. इसलिए स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. ईडी टीम के साथ एक निजी बैंक के अधिकारी भी मौजूद रहे.
- ED की बड़ी कार्रवाई, शराब कारोबारियों से जुड़े ठिकानों पर लगातार रेड
- शराब कारोबारी पर ईडी की रेड, 7 करोड़ 44 लाख रुपए जब्त
महिला ने लगाया जमीन हड़पने का आरोप
निजी बैंक के अधिकारियों ने संबंधित बैंक खातों और लेन-देन से जुड़ी जानकारी जांच एजेंसी को उपलब्ध कराई थीं. सूत्र बताते हैं कि जमीन खरीदी में घोटाले के सबूत मिलने पर ईडी ने ये कार्रवाई की. वहीं, कार्रवाई के दौरान एक महिला ने बिल्डर पर उसकी जमीन हड़पने की बात कही. महिला का कहना है "मेरे पिता द्वारा 2 लाख रुपये का कर्ज लिया गया था. पिताजी ने कर्ज चुका दिया. इसके बाद भी बिल्डर ने उसका प्लॉट हड़प लिया."

