नगड़ी में रिम्स-2 निर्माण को लेकर पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के तेवर गर्म, कहा- विवादास्पद जमीन को लेकर लगाएंगे जनता दरबार
रांची में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने एक बार फिर नगड़ी की विवादास्पद जमीन पर रिम्स -2 नहीं बनने देने की घोषणा की है.

Published : August 26, 2025 at 7:05 PM IST
रांची: झारखंड में रिम्स टू के लिए कांके के नगड़ी में चिन्हित जमीन पर उठा विवाद शांत होने का नाम नहीं ले रहा है. 24 अगस्त को प्रस्तावित आंदोलन के दौरान हाउस अरेस्ट होने वाले पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने फिर एक बार उसी जमीन पर रिम्स -2 नहीं बनने देने की घोषणा की है.
सरकार को जवाब देगी जनता
दरअसल विधानसभा परिसर में मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि वहां की जनता, सरकार के इस निर्णय का जवाब देगी. उन्होंने कहा कि 2012 तक उस जमीन की रैयतों से मालगुजारी ली जाती थी, लेकिन अधिग्रहण कब हुआ? ये आज तक नहीं बताया गया है.
जिन्होंने हल चलाया, उन पर केस दर्ज करना गलत है: पूर्व सीएम
पूर्व सीएम ने किसानों पर दर्ज मामलों का विरोध करते हुए कहा कि जिन्होंने हल चलाया, उन पर केस दर्ज करना गलत है. अब जनता की अदालत में हम जाएंगे. उन्होंने कहा कि 1957 में बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के लिए जब यह भूमि अधिगृहित करने की कोशिश की गई थी, तब रैयतों ने उसका तगड़ा विरोध किया था. उस समय के तत्कालीन मुख्यमंत्री ने किसानों की समस्या सुनी थी?
आदिवासी किसानों की जमीन लेने पर तुली है राज्य सरकार: चंपाई सोरेन
चंपाई सोरेन ने बिरसा कृषि विश्वविद्यालय का हवाला देते हुए कहा कि यह जमीन अधिग्रहित नहीं की गई है. ऐसे में वर्तमान सरकार जबरन आदिवासी किसानों की जमीन लेने पर तुली है, यदि ऐसे ही हालात रहे तो किसी की भी जमीन कभी भी सरकार ले सकती है.
सूर्या हांसदा एनकाउंटर की होनी चाहिए सीबीआई जांच: चंपाई सोरेन
सूर्या हांसदा एनकाउंटर को लेकर चंपाई सोरेन ने कहा कि जो लोग समाज और गरीबों के लिए संघर्ष करते हैं, उन पर केस दर्ज हो जाने से वह अपराधी नहीं हो जाते. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि झारखंड आंदोलन के दौरान भी कई कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज हुए थे लेकिन अदालत ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया था. चंपाई सोरेन ने साफ तौर पर कहा कि सूर्या हांसदा, गरीबों और बच्चों के लिए संघर्ष करने वाले इंसान थे. पूर्व सीएम ने कहा कि केस दर्ज होना अपराध साबित नहीं करता. इसलिए एनकांउटर की जांच सीबीआई से करानी चाहिए.
ये भी पढ़ें: चंपाई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन को घंटों पुलिस ने रोके रखा, रिम्स 2 के विरोध में नगड़ी जाने की कर रहे थे कोशिश

