काकोरी में प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में चार के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में लिया
लखनऊ के काकोरी में बुधवार को प्रॉपट्री डीलर की हत्या कर दी गई थी. मामले में प्रॉपर्टी का विवाद सामने आ रहा है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 21, 2025 at 4:44 PM IST
लखनऊ: 19 फरवरी को काकोरी के बेहटा में प्रॉपर्टी डीलर अंकित लोधी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि अंकित की हत्या प्रॉपर्टी को लेकर की गई. आशंका जताई जा रही है कि किसी साथी ने जमीन पर कब्जा करने की नीयत से अंकित की हत्या करा दी.
जांच-पड़ताल में जुटे एक पुलिस अधिकारी का कहना है कि कई बिंदुओं पर गहनता से छानबीन की जा रही है. हत्या प्रॉपर्टी को लेकर भी हो सकती है. अंकित बुधवार को एक शादी समारोह में गया था, जहां किसी से कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद यह वारदात हुई.
चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज : अंकित के बहनोई रामू की तहरीर पर चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस की तफ्तीश में पता चला कि आरोपितों ने एक सिगरेट की दुकान पर अंकित के बहनोई को चाटा मार दिया था. अंकित के विरोध पर हमलावरों ने उसके सिर पर गोली मारी थी.
10 हिरासत में, पूछताछ की जा रही : एक आरोपित से अंकित का प्रॉपर्टी और रुपयों के लेनदेन को लेकर भी विवाद चल रहा था. घटना से आक्रोशित परिजनों ने गुरुवार को बेहटा-नारायणपुर मार्ग पर सड़क जाम कर हंगामा किया. पुलिस ने करीब 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया है उनसे पूछताछ कर रही है.
क्या था पूरा मामला: अलीनगर सुनहरा में रहने वाले अंकित के बहनोई रामू ने बताया, बुधवार रात बेहटा गांव के मेड़ी लाल की बेटी की शादी थी. मैं दोस्त कुनाल के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया था. देर रात गांव के बाहर निकला, अबरार की पान की दुकान पर कुनाल सिगरेट लेने लगा.
विरोध पर मारा चाटा : अबरार ने कहा कि उसके पास दूसरे ब्रांड की सिगरेट है. इस पर वहां खड़े अखिलेश यादव ने कुनाल से गाली-गलौज की. मैंने विरोध किया तो अखिलेश ने चाटा मार दिया. अखिलेश और उसके साथी सुमित कनौजिया व अन्य से धक्का-मुक्की शुरू हो गई. अबरार व अन्य ने समझौता करा दिया.
अंकित को पीटा, फिर गोली मारी : सुमित, अखिलेश और उनके साथी चले गए. इस बीच कुनाल ने फोन कर साले अंकित को घटना जानकारी दे दी. अंकित अपने साथी सूरज रावत और करन के साथ कुछ ही देर में आ गया. उसने सुमित कनौजिया को फोन कर विरोध किया. दोनों की फोन पर गाली-गलौज शुरू हो गई.
कुछ ही देर में सुमित कनौजिया, अखिलेश यादव, गोलू यादव और टउवा यादव पहुंच गए. अंकित का विवाद शुरू हो गया. इस बीच चारों ने अंकित को पीटा और गोली मार दी. इसके बाद भाग निकले. अंकित को आनन-फानन ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
पुलिस की तीन टीम दे रही दबिश : डीसीपी पश्चिमी विश्वजीत श्रीवास्तव के मुताबिक, अंकित का किन लोगों से विवाद हुआ इसके बारे में जानकारी ली जा रही है. आरोपियों की तलाश में सर्विंलास और पुलिस की तीन टीम दबिश दे रही है.
यह भी पढ़ें: पान की दुकान पर युवक से विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग, मौत - LUCKNOW FIRING

