होली से पहले दिल्ली के बाजारों में लड्डू गोपाल की पोशाकों की बिक्री शुरू, जानिए कीमत
हर साल फाल्गुन माह की पूर्णिमा तिथि पर होली बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जाता है. इस साल फाल्गुन पूर्णिमा 14 मार्च को है

Published : March 6, 2025 at 11:06 AM IST
नई दिल्ली: ब्रज की होली दुनियाभर में मशहूर है. इस वर्ष होलिका दहन 13 मार्च की रात को होगा और अगले दिन यानी 14 मार्च को रंगों वाली होली खेली जाएगी. दिल्ली के बाजारों में होली से पहले लड्डू गोपाल की पोशाकों की बिक्री शुरू हो गई है. होलसेल से लेकर रिटेल मार्केट में कान्हा जी की सुंदर पोशाकें और रंगों की छोटी थाल बिकनी शुरू हो चुकी है.
चांदनी चौक स्थित फतेहपुरी में प्यारेलाल अमीरचंद जैन शॉप के ओनर करण जैन ने बताया कि घरों में लड्डू गोपाल को रखने और पूजने वालों की अच्छी संख्या है. कान्हाजी के बालस्वरूप का बड़ा ध्यान रखा जाता है. ये भक्त लड्डू गोपाल के संग होली खेलते हैं. उनके लिए पोशाक खरीदते हैं. मार्केट में 50 से 200 रुपये तक सुंदर पोशाकें मिल रही हैं. इस पर रेशम और जरी का काम होता है.
लड्डू गोपाल की होली पोशाक: वहीं कॉटन की पोशाक 10 से 50 रुपये में मिल जाती है. बाजार में 1 से 10 नंबर के साइज उपलब्ध हैं, जिसमें मीडियम साइज 4-5 नंबर अधिक बिकती है. संदीप ने बताया कि 4-5 वर्षों में लड्डू गोपाल की होली पोशाक ज्यादा बिक रही है. भक्तजन कान्हाजी के लिए होली का डेकोरेटिव थाल भी खरीदते हैं. इसमें छोटी बाल्टी, पिचकारी, गुलाल और गुब्बारे होते हैं. ये भी 50 से 200 रुपये में बिक रही है. इस साल होली पर अच्छा बिजनेस होने के आसार हैं.

दिल्ली और मथुरा में निर्माण: लड्डू गोपाल की पोशाक और होली के डेकोरेटिव थाल का निर्माण दिल्ली और मथुरा में हो रहा है. संदीप जैन ने बताया कि वैसे तो कान्हा जी की पोशाक 12 महीने बिकती हैं. मगर होली, दिवाली, रक्षा बंधन, स्वतंत्रता-गणतंत्रता दिवस जैसे अवसरों पर पोशाक की डिजाइन त्योहार के हिसाब से कर देते हैं. ये पोशाक मथुरा के कारीगर तैयार करते हैं. मार्केट की मांग के हिसाब से मैन्युफैक्चरिंग होती है. इसी तरह गुलाल, बाल्टी, पिचकारी दिल्ली की फैक्ट्रियों में बनती है.

इस तरह खरीद सकते हैं लड्डू गोपाल की पोशाक: अगर आप भी इस वर्ष अपने लड्डू गोपाल के लिए होली की पोशाकें, गुलाल, बाल्टी और पिचकारी खरीदना चाहते हैं तो चांदनी चौक बाजार जा सकते हैं. यहां पहचान बेहद आसान है. दिल्ली मेट्रो दो स्टेशन इस बाजार के करीब हैं. इसमें चांदनी चौक और लालकिला मेट्रो स्टेशन हैं. वहीं DTC का लालकिला बस स्टॉप भी बाजार के नज़दीक है. रविवार को बाजार बंद रहता है. बाजार खुलने का समय सुबह 9 बजे से शाम 8 बजे तक है.

