ETV Bharat / state

BPSC 71वीं प्रिलिम्स परीक्षा कल, परीक्षा हॉल में पहुंचने की टाइमिंग जान लें

शनिवार को बीपीएससी की परीक्षा होने वाली है. 912 केंद्रों पर 4.7 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. आगे पढ़ें पूरी खबर

BPSC PRELIMS EXAM IN BIHAR
बिहार लोक सेवा आयोग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : September 12, 2025 at 1:13 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की बहुप्रतीक्षित 71वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा (CCE Prelims) कल यानी 13 सितंबर, शनिवार को आयोजित की जाएगी. परीक्षा का समय दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक तय है. आयोग और जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां कर ली हैं.

37 जिलों में 912 केंद्र, 4.7 लाख अभ्यर्थी : आयोग के परीक्षा नियंत्रक सत्य प्रकाश शर्मा के अनुसार इस बार कुल 1298 पदों के लिए परीक्षा ली जाएगी. इसके लिए राज्य के 37 जिलों में 912 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 470528 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे. पितृपक्ष का समय होने के कारण गया जिले में परीक्षा आयोजित नहीं की जा रही है.

11:00 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य : परीक्षा नियंत्रक सत्यप्रकाश शर्मा के अनुसार, ''अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा. इसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी. सभी परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति और अंगूठे का निशान मिलान किया जाएगा, तभी उन्हें परीक्षा हॉल में प्रवेश मिलेगा.''

पटना में 70 केंद्रों पर 50244 अभ्यर्थी : राजधानी पटना में परीक्षा का पैमाना बड़ा है. यहां 70 परीक्षा केंद्रों पर कुल 50244 अभ्यर्थी बैठेंगे. इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है. परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 37 जोनल दंडाधिकारी और 95 स्टैटिक दंडाधिकारी की तैनाती की गई है. साथ ही, हर परीक्षा केंद्र पर पुलिस बल, मजिस्ट्रेट और CCTV निगरानी की व्यवस्था की गई है. आयोग ने स्पष्ट किया है कि पारदर्शिता और निष्पक्षता से कोई समझौता स्वीकार्य नहीं होगा.

विशेष सुविधाएं और व्यवस्थाएं : बीपीएससी की ओर से इस बार परीक्षा में दिव्यांग अभ्यर्थियों को उनके गृह जिले में ही परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया है. इसके अलावा महिला अभ्यर्थियों को भी सुविधा के लिए उनके गृह जिले या नजदीकी जिले में केंद्र दिया गया है. उत्तरपुस्तिकाओं और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. हर केंद्र पर मजिस्ट्रेट, CCTV निगरानी और उड़न दस्ते की व्यवस्था होगी. आयोग ने साफ कहा है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या अनुचित गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

एडमिट कार्ड और जरूरी निर्देश : अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड पहले ही आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं. 6 सितंबर को वेबसाइट पर ऐडमिट कार्ड अपलोड कर दिया गया था. उसमें परीक्षा केंद्र, समय और दिशा-निर्देश स्पष्ट उल्लेखित हैं. आयोग ने स्पष्ट किया है कि मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र में ले जाना पूरी तरह वर्जित है. सिर्फ एडमिट कार्ड और पहचान पत्र लेकर ही उम्मीदवार परीक्षा हॉल में प्रवेश कर पाएंगे.

ये भी पढ़ें :-

पटना हाईकोर्ट का BPSC को झटका, 70वीं बीपीएससी के परीक्षार्थी पर लगा 3 साल का बैन हटाया

बीपीएससी ने निकाली AEDO के 935 पदों पर भर्ती, 27 अगस्त से शुरू होंगे आवेदन