बिहार की मर्डर मिस्ट्री, पत्नी के हत्यारे पति को ढूंढ रही थी पुलिस, तभी आई हैरान करने वाली खबर
नालंदा में पत्नी की हत्या के बाद से फरार चल रहे पति संजय मांझी की भी लाश मिलने से सनसनी फैल गई है. पढ़ें

Published : August 13, 2025 at 10:08 AM IST
नालंदा: बिहार के नालंदा में पत्नी की कुदाल से काटकर हत्या करने वाले आरोपी पति की भी संदिग्ध हालत में लाश बरामद की गयी है. फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पत्नी के हत्यारे पति का मिला शव: घटना इस्लामपुर थाना क्षेत्र गुलज़ार बाग बड़ाई का है. मृतक की पहचान स्व. रामदेव मांझी के 60 वर्षीय पुत्र संजय मांझी के तौर पर हुई है. घटना के संबंध में मृतक के पुत्र धनतेरस मांझी ने बताया कि मां गिरानी देवी की हत्या के बाद पिता गांव छोड़कर भाग गए थे और मंगलवार (12 अगस्त) को उनका शव मिला.
"हमलोग सदर अस्पताल से मां के शव का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए गए. वहां से देर रात लौटे थे. इसी बीच, सुबह मवेशी चरा रहे किसानों ने खेत के पास शव देखने की सूचना दी. परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और हमने पिता की पहचान की. मां की हत्या के बाद पापा ने आत्महत्या कर ली है. आत्महत्या कैसे की है ये हमें पता नहीं है."- धनतेरस मांझी, मृतक का बेटा
हत्या या आत्महत्या?: ग्रामीणों में चर्चा है कि संजय मांझी ने गिरफ्तारी के भय से आत्महत्या कर ली है. मंगलवार की सुबह मामला तब और रहस्यमय हो गया जब बाबा ईंट भट्ठा के पास उसकी लाश बरामद हुई. अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या उसने गिरफ्तारी के डर से आत्महत्या कर ली, या फिर हत्या के प्रतिशोध में किसी ने उसकी हत्या कर दी?
पत्नी की कुदाल से काटकर की थी हत्या: बता दें कि इस्लामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार (11 अगस्त) की सुबह गुलज़ार बाग बड़ाई गांव में घरेलू विवाद में 55 वर्षीय पत्नी गिरानी देवी की कुदाल से गर्दन काटकर हत्या कर दी गई थी. जिससे इलाक़े में सनसनी फैल गई थी. वहीं, घटना के संबंध में इस्लामपुर थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडे ने बताया कि शव पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं.
"शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. साथ ही FSL की टीम घटनास्थल पर पहुंच साक्ष्य इकट्ठा कर ले गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा."- अनिल कुमार पांडे, इस्लामपुर थानाध्यक्ष
ये भी पढ़ें
'पापा को फांसी होनी चाहिए.. उसी ने मेरे पति को मारा', SSP से मिली राहुल की पत्नी तनुप्रिया
पटना में निजी स्कूल के हॉस्टल में छात्र की संदिग्ध मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
बिहार में एक शख्स को घर से खींचकर मार डाला, जंगल में फेंका शव

