पटना में महिला कांस्टेबल ने की आत्महत्या, किराए के मकान से मिला शव
पटना से बड़ी खबर सामने आई है, जहां बीएमपी-7 की एक महिला कांस्टेबल ने आत्महत्या कर ली है. सिपाही किराए के माकान में रहती थी.

Published : June 3, 2025 at 1:33 PM IST
पटना: पटना से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएमपी-7) की एक महिला कांस्टेबल ने आत्महत्या कर ली है. मृतका की पहचान नवादा जिले की 28 वर्षीय सिपाही के रूप में हुई है. वह पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र के लोदीपुर पुलिस लाइन के सामने स्थित धोबी गली में एक किराए के मकान में अकेले रह रही थी.
किराए के मकान से मिला शव: घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सिपाही के शव को कब्जे में ले लिया है. गांधी मैदान थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि अभी तक कोई घटना से संबंधित कोई नोट नहीं मिला है, लेकिन घटना के कारणों की जांच की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. परिजन जमशेदपुर से आ रहे हैं उसके बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा.
"महिला सिपाही के आत्महत्या की सूचना मिली थी, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है. अभी तक कोई आत्महत्या नोट नहीं मिला है, लेकिन घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है."-राजेश कुमार, थाना प्रभारी, गांधी मैदान
मानसिक तनाव में थी कांस्टेबल: बताया जा रहा है कि महिला कांस्टेबल शादीशुदा थी. परिजनों के अनुसार, वह कुछ समय से मानसिक तनाव में थी, लेकिन इसकी सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. घटना के बाद पति और उनके परिजन मौके पर पहुंच गए, जबकि कांस्टेबल के माता-पिता झारखंड के जमशेदपुर से आ रहे हैं.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच का इंतजार: पुलिस के अनुसार घर के अंदर कोई अव्यवस्था नहीं थी, जिससे साफ लगता है कि उन्होंने स्वेच्छा से यह कदम उठाया है. हालांकि, परिवार वाले किसी संदिग्ध घटना की आशंका जता रहे हैं. पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच का इंतजार कर रही है.
बीएमपी अधिकारियों में शोक: महिला कांस्टेबल की मौत एक दुखद घटना है, जिसने उनके परिवार और सहकर्मियों को झकझोर दिया है. बीएमपी-7 के अधिकारियों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और परिजनों से संपर्क स्थापित कर रहे हैं. पुलिस प्रशासन ने मृतका के परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है. साथ ही मामले की गहन जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि आत्महत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके.
महिला पुलिसकर्मियों की चुनौतियां: यह घटना एक बार फिर पुलिस बल में काम कर रही महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों को उजागर करती है. कुछ साल पहले भी बिहार पुलिस में एक महिला कांस्टेबल द्वारा आत्महत्या की घटना सामने आई थी. जिसके बाद मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने की मांग उठी थी.
नोट: मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को अक्सर लोग गंभीर बीमारी नहीं मानते, जिसके कारण वे समय पर चिकित्सीय सहायता नहीं लेते हैं. इससे स्थिति बिगड़ सकती है, और नकारात्मक विचारों का प्रभाव बढ़कर आत्महत्या जैसे कदमों तक ले जा सकता है. यदि आपके मन में भी ऐसे नकारात्मक विचार आ रहे हों, तो अपनी परेशानी को परिवार या भरोसेमंद दोस्तों के साथ अवश्य साझा करें. यदि इसके बाद भी राहत न मिले, तो तुरंत निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें.
डिप्रेशन/चिंता/तनाव/घबराहट का ईलाज तुरंत करायें। सोचें नहीं कॉल करें टेली मानस टॉल फ्री नं॰ 14416@mangalpandeybjp@BiharHealthDept@IPRDBihar
— State Health Society Bihar (@SHSBihar) December 6, 2024
@mohfwindia pic.twitter.com/0IAPXI0ODA
ये भी पढ़ें :
ओडिशा की लड़की पहुंची बिहार, प्रेमी के साथ गंगा में लगायी छलांग, बचाने के लिए कूदे लोग
मोतिहारी में प्रेमी जोड़े ने की आत्महत्या! ऑनर किलिंग का एंगल भी खंगाल रही पुलिस
'इस जन्म में ना मिल सके तो अगले जन्म में मिलेंगे' नालंदा का प्रेमी जोड़ा पहुंचा पटना और फिर..

