धनबाद में भाजपा कार्यकर्ता और आजसू सांसद आमने-सामने, जानें क्या है वजह
धनबाद में भाजपा और आजसू में दरार आ गई है. सांसद सीपी चौधरी और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए हैं. खबर में जानें वजह.

Published : June 11, 2025 at 3:16 PM IST
धनबाद: कोयलांचल में भाजपा और आजसू एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए हैं. गठबंधन की गांठे खुलती नजर आ रही हैं. भाजपा कार्यकर्ताओं में आजसू से गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के खिलाफ काफी रोष है और भाजपा कार्यकर्ता खुलकर उनका विरोध कर रहे हैं. गिरिडीह सांसद का विरोध करने वाले ज्यादातर कार्यकर्ता भाजपा सांसद ढुल्लू महतो और बाघमारा विधायक शत्रुध्न महतो के समर्थक बताए जाते हैं. भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी को चुनाव में जीत दिलाने के लिए बढ़-चढ़कर काम किया, लेकिन आज सांसद बीजेपी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर विरोधियों के साथ मिल गए हैं.
सांसद सीपी चौधरी ने बीसीसीएल के खिलाफ खोला मोर्चा
दरअसल, गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने बीसीसीएल ब्लॉक दो प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. स्थानीय लोगों को नियोजन, विस्थापितों को पुनर्वासित करने, ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने की मांग को लेकर सांसद ब्लॉक दो प्रबंधन के खिलाफ 9 जून से धरने पर बैठे हैं. साथ ही ब्लॉक दो परियोजना का काम बाधित कर दिया गया है. बीसीसीएल प्रबंधन पर सांसद ने ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखने के साथ शोषण का आरोप लगाया है. वहीं बीसीसीएल ब्लॉक दो प्रबंधन सांसद से सभी मांगें पूरा करने के लिए 15 दिन का समय लिया है. सकारात्मक वार्ता के बाद अनिश्चितकालीन धरना स्थगित कर दिया गया है.
सांसद के आंदोलन पर भाजपाइयों ने उठाए सवाल
वहीं गिरिडीह सांसद के आंदोलन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाए हैं. बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि निजी स्वार्थ, रंगदारी और वर्चस्व के लिए सांसद आंदोलन कर रहे हैं. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकसभा चुनाव में तन-मन-धन से लगकर चंद्रप्रकाश चौधरी को जिताने का काम किया गया, लेकिन सांसद विरोधियों के साथ मिलकर आंदोलन कर रहे हैं, जबकि 6 सालों में कभी भी चंद्रप्रकाश चौधरी ने मजदूरों की सुध नहीं ली. रोजगार, पानी और स्वास्थ्य की समस्या को दूर करने का काम नहीं किया. आज विरोधियों के साथ मिलकर आंदोलन कर रहे हैं. इससे मजदूरों का अहित हो रहा है. भाजपा कार्यकर्ताओं सह लोकल सेल मजदूरों ने कहा कि गिरिडीह सांसद को आने वाले समय में सबक सिखाने का काम करेंगे.
वहीं, गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि आंदोलन को स्थगित किया गया है. 15 दिन का समय प्रबंधन ने लिया है. इसके बाद मांगें नहीं पूरी हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा. भाजपा कार्यकर्ताओं की नाराजगी पर सांसद ने कहा कि ये सब होता रहता है.

बताते चलें कि 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा ने पहली बार गिरिडीह सीटिंग सीट आजसू को गठबंधन के तहत दिया था. चंद्रप्रकाश चौधरी आजसू से विजयी हुए थे. 2024 के चुनाव में गठबंधन के तहत फिर से इस सीट पर आजसू से सीपी चौधरी चुनाव लड़े और जीत भी हासिल की.
बाघमारा विधानसभा सीट पर तीन बार ढुल्लू महतो विधायक रहे. अब उनके बड़े भाई शत्रुघ्न महतो विधायक हैं. ढुल्लू महतो धनबाद सांसद हैं. 2019 के चुनाव में सीपी चौधरी को जीत दिलाने में तत्कालीन विधायक ढुल्लू महतो की महत्वपूर्ण भूमिका थी. बाघमारा विधानसभा सीट भले ही धनबाद जिले में आती है, लेकिन यह गिरिडीह लोकसभा में पड़ता है. आजसू अब बाघमारा में अपनी खुद की पैठ बनाने की जुगत में लगा हुआ है.
ये भी पढ़ें-
गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे, बीसीसीएल ब्लॉक दो परियोजना का काम बाधित
धनबाद प्रशासन और सरकार पर जमकर बरसे बाबूलाल मरांडी, ग्रामीणों का किया समर्थन
धनबाद में भिड़ गए कांग्रेस नेताओं के दो गुट, रणधीर वर्मा चौक पर खूब मचा बवाल, पत्रकारों पर हमला
धनबाद में पानी बिजली की मांग को लेकर लोगों का आंदोलन, गोविंदपुर कोलियरी में की अनिश्चितकालीन बंदी

