ETV Bharat / state

फरीदाबाद में भाजपा विधायक के बेटों से मारपीट! जिम संचालक पर जातिसूचक शब्दों का आरोप, दोनों पक्षों ने दर्ज करवाई FIR

BJP MLA sons assaulted in Faridabad: सेक्टर-28 जिम में भाजपा विधायक के बेटों से मारपीट की घटना सामने आई है.

BJP MLA sons assaulted in Faridabad
BJP MLA sons assaulted in Faridabad (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : April 12, 2025 at 1:04 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

फरीदाबाद: सेक्टर 28 स्थित एनीटाइम फिटनेस जिम में शुक्रवार शाम को उस वक्त हंगामा हुआ. जब पलवल जिले के होडल से भाजपा विधायक हरेंद्र सिंह राम रतन के दो बेटों, विशाल सिंह और जगप्रिया के साथ कथित तौर पर मारपीट हुई. बीजेपी विधायक के बेटों का आरोप है कि मारपीट के बाद उन पर जातिगत टिप्पणियां की गई. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद जांच शुरू हो गई है.

विधायक के बेटों का पक्ष: विशाल सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि वो नियमित रूप से जिम जाते हैं. शुक्रवार शाम को भी वो जिम पहुंचे थे. जिम ट्रेनर पृथ्वी चपराना और उनके साथी निशांत, दीपक, अमन और हनी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार शुरू किया. विशाल का दावा है कि इन लोगों ने ना केवल उनके साथ गाली-गलौज की, बल्कि जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया. जब विशाल ने इसका विरोध किया, तो स्थिति बिगड़ गई और कथित तौर पर उनके साथ मारपीट शुरू हो गई.

मारपीट और जातिगत टिप्पणियों का आरोप: विशाल ने बताया कि उन्होंने अपने बड़े भाई जगप्रिया और पड़ोसी को फोन कर मदद के लिए बुलाया, लेकिन जब वे मौके पर पहुंचे, तो स्थिति और बिगड़ गई. आरोप है कि जिम ट्रेनर ने अपने कुछ और साथियों को बुला लिया, जो सफेद स्कॉर्पियो गाड़ी में पहुंचे. इन लोगों ने भी विशाल और जगप्रिया के साथ मारपीट की. विशाल का कहना है कि उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसे मारे गए, जिससे उन्हें चोटें आईं.

जिम ट्रेनर का पक्ष: दूसरी ओर, जिम ट्रेनर पृथ्वी चपराना ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने पूरी तरह अलग कहानी बयान की. पृथ्वी के अनुसार, विशाल जिम में अन्य लोगों को व्यायाम करने से रोक रहे थे और अनावश्यक रूप से अड़चन पैदा कर रहे थे. जब उन्हें ऐसा करने से मना किया गया, तो विशाल ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी और धमकी दी कि वह अपने साथियों को बुलाएंगे.

विधायक के बेटों पर रौब दिखाने का आरोप: पृथ्वी ने बताया कि इसके बाद विशाल ने फोन कर कुछ लोगों को बुला लिया, जो हथियारों और पिस्तौल के साथ जिम पहुंचे. इनमें से एक व्यक्ति, जिसका नाम मुन्ना बताया गया, ने पृथ्वी और उनके साथी रवि व निशांत पर पिस्तौल तान दी और जान से मारने की धमकी दी. स्थिति को बिगड़ता देख, पृथ्वी ने सभी को जिम से बाहर जाने को कहा और पुलिस को सूचित किया.

पुलिस की कार्रवाई: थाना मेट्रो स्टेशन के जांच अधिकारी, असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची. विधायक के बेटों और कुछ अन्य लोगों को मेडिकल जांच के लिए जिला नागरिक अस्पताल बादशाह खान ले जाया गया. प्रारंभिक जांच में पाया गया कि चोटें गंभीर नहीं थीं, लेकिन दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है.

"हम दोनों पक्षों के बयानों और साक्ष्यों की जांच कर रहे हैं. घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच की जाएगी. जांच के नतीजों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी." - असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर राजकुमार, थाना मेट्रो स्टेशन

विधायक का बयान: घटना की जानकारी मिलते ही विधायक हरेंद्र सिंह तुरंत अस्पताल पहुंचे और अपने बेटों का हालचाल जाना. उन्होंने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है. विधायक ने कहा, "मेरे बेटों के साथ मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया. दलित होना कोई अपराध नहीं है. हम कानून का सहारा लेंगे और पुलिस से उम्मीद करते हैं कि वह दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी."

ये भी पढ़ें- भिवानी में गैंगवार में दिनदहाड़े फायरिंग, ट्रक यूनियन के प्रधान विनोद सहित 2 घायल - FIRING IN GANG WAR IN BHIWANI

ये भी पढ़ें- मुर्दे को जिंदा दिखाकर अपने नाम करवाई वसीयत, आरोपी पर 20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा, अभी तक दो गिरफ्तार - PROPERTY FRAUD IN SONIPAT