पटना में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या, आरोपियों ने सीने में दागी चार गोलियां
पटना में भाजपा नेता सुरेन्द्र केवट की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. गोपाल खेमका की हत्या के बाद ये दूसरी बड़ी हत्या है.

Published : July 13, 2025 at 7:35 AM IST
|Updated : July 13, 2025 at 9:43 AM IST
पटना: बिहार में आरोपियों के हौसले बुलंद हैं. आए दिन हत्या के मामले सामने आते रहते हैं. इसी क्रम में अपराधियों ने पुनपुन के पूर्व भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष सुरेंद्र केवट की गोली मारकर हत्या कर दी है. वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है.
खेत पर गए थे भाजपा नेता: बताया जा रहा है कि भाजपा नेता सुरेंद्र केवट शनिवार की रात घर से खाना खाकर गांव से बाहर बिहटा-सरमेरा स्टेट हाइवे-78 के किनारे स्थित अपने खेत में लगे केबिन पर मोटर को बंद करने गए थे.
आरोपी ने अंधाधुंध चलाई गोलियां: मोटर बंद करने के बाद वो घर के लिए बाइक पर सवार हो रहे थे, तभी दो बाइक पर चार आरोपी आए और सुरेंद्र केवट पर अंधाधुंध गोली चला दी. आरोपियों ने सुरेंद्र केवट को चार गोलियां मारी हैं.
पटना एम्स में तोड़ा दम: घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए. सूचना मिलने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में सुरेंद्र केवट (मृतक) को उपचार के लिए पटना एम्स लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
ग्रामीण पशु चिकित्सक भी थे सुरेंद्र केवट: सुरेंद्र केवट (मृतक) परिवार के साथ शेखपुरा गांव में ही रहते थे. पद पर नहीं होने के बावजूद उनकी राजनीति में हमेशा सहभागिता रहती थी. इसके अलावा सुरेंद्र केवट ग्रामीण पशु चिकित्सक थे और किसान भी थे.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा शव: पीपरा थानाध्यक्ष आरके पाल ने बताया कि मैं खुद पटना एम्स गया था, लेकिन तब तक भाजपा नेता सुरेंद्र केवट की मौत हो चुकी थी. फिलहाल शव को कब्जे में ले लिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है.
और अब पटना में बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या!
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) July 13, 2025
क्या कहे किससे कहे? NDA सरकार में कोई सच्चाई सुनने वाला नहीं, गलती स्वीकारने वाला नहीं?
CM के स्वास्थ्य का सबको पता है लेकिन BJP के दो-दो नकारे उपमुख्यमंत्री क्या कर रहे है? भ्रष्ट भूंजा-DK पार्टी का कोई बयान नहीं? #Crime #Bihar
वहीं, इस मामले में बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि राजधानी पटना में भाजपा नेता की हत्या कर दी गई है. ये घटना किससे कहें और क्या कहें? NDA सरकार में कोई सच्चाई सुनने वाला नहीं है और ना ही गलती स्वीकार करने वाला है.
''शेखपुरा गांव में सुरेंद्र केवट ग्रामीण पशु चिकित्सक थे, जो अपने खेत में पटवन कर रहे थे. देर शाम बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी है. घटनास्थल पर एफएसएल की टीम जांच कर रही है. डीआई टीम को भी बुलाया गया है. पूरी जांच-पड़ताल की जा रही है''. - कन्हैया कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी- 2

4 जुलाई को गोपाल खेमका की हुई थी हत्या: बता दें कि इससे पहले बिहार के बड़े कारोबारी गोपाल खेमका की 4 जुलाई को करीब 11:30 बजे गांधी मैदान थाना क्षेत्र के रामगुलाम चौक स्थित उनके घर के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. गोपाल खेमका बांकीपुर क्लब से अपने घर लौटे थे.
ये भी पढ़ें-

