ETV Bharat / state

रुद्रप्रयाग के मंदाकिनी ब्लॉक में खिला कमल, निर्विरोध प्रमुख बनीं बीजेपी की भुवनेश्वरी देवी

पहली बार मंदाकिनी ब्लॉक को मिला बीजेपी का प्रमुख, बीजेपी की भुवनेश्वरी देवी बनीं निर्विरोध प्रमुख, तीनों पदों पर निर्विरोध बने बीजेपी के प्रत्याशी

BLOCK PRAMUKH BHUVANESHWARI DEVI
निर्विरोध प्रमुख बनीं बीजेपी भुवनेश्वरी देवी (फोटो सोर्स- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 12, 2025 at 7:11 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के सबसे बड़े विकासखंड मंदाकिनी (अगस्त्यमुनि) में प्रमुख पद पर बीजेपी की भुवनेश्वरी देवी निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं. मंगलवार को नाम वापसी के दिन कांग्रेस प्रत्याशी गायत्री देवी ने अपना नाम वापस लिया, जिसके बाद भुवनेश्वरी देवी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया.

मंदाकिनी ब्लॉक में तीनों पदों पर निर्विरोध बीजेपी की जीत: गौर हो कि ज्येष्ठ प्रमुख पद पर शांति चमोला और कनिष्ठ प्रमुख पद पर सविता भंडारी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं. इस तरह से बीजेपी ने मंदाकिनी ब्लॉक में तीनों पदों पर निर्विरोध जीत हासिल कर रिकॉर्ड बनाया है. यह पहली बार है कि जब मंदाकिनी ब्लॉक में बीजेपी को प्रमुख पद पर जीत हासिल हुई हैं.

कांग्रेस ने बीजेपी की झोली में डाली जीत: आज यानी 12 अगस्त को अचानक घटे एक घटनाक्रम में दोपहर करीब 12 बजे के आसपास बीजेपी नेता देवेश नौटियाल, कांग्रेस प्रत्याशी गायत्री देवी को लेकर ब्लॉक मुख्यालय अगस्त्यमुनि पहुंचे. जहां आरओ के सामने कहा कि गायत्री देवी, बीजेपी प्रत्याशी भुवनेश्वरी देवी को प्रमुख पद पर समर्थन दे रही हैं. अब वे अपना नाम वापस ले रही हैं.

BJP Block Pramukh Bhuvaneshwari Devi
भुवनेश्वरी देवी बनीं निर्विरोध प्रमुख (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

भाजपाइयों ने आतिशबाजी कर मनाया जश्न: इसके बाद नाम वापसी की कार्रवाई हुई और उनका नाम प्रत्याशी से हटाया गया. जिसके बाद भुवनेश्वरी देवी को निर्विरोध प्रमुख निर्वाचित घोषित किया गया. इस विजय से बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भारी उत्साह के साथ नारेबाजी की. साथ ही आतिशबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की.

"गायत्री देवी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए बीजेपी प्रत्याशी भुवनेश्वरी देवी को अपना समर्थन देते हुए अपना नाम वापस लिया है. यह बीजेपी की सबसे बड़ी जीत है. पहली बार मंदाकिनी क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद पर बीजेपी को विजय मिली है."- देवेश नौटियाल, बीजेपी नेता

टिहरी जिला पंचायत अध्यक्ष सीट पर भी देखने को मिला उलटफेर: बता दें कि एक बड़ा उलटफेर टिहरी जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भी देखने को मिला. जहां बीजेपी ने टिहरी जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सोना सजवाण का टिकट काट दिया. बीजेपी ने इशिता सजवाण को टिहरी जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए अधिकृत प्रत्याशी बनाया. इसके बाद इशिता सजवाण निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष बन गईं.

इससे पहले पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण को बीजेपी ने अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर नामांकन करवाया था, लेकिन एक ही रात में अचानक क्या हुआ कि बीजेपी के नेतृत्व ने सोना सजवाण का नामांकन वापस करवा कर इशिता सजवाण को अपना प्रत्याशी अधिकृत कर निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष बना दिया.

सोना सजवाण ने भी इशिता सजवाण के पक्ष में अपना नाम वापस ले लिया है. जिसके बाद इशिता सजवाण निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हो गई हैं. कांग्रेस के पास इस बार सदस्यों की संख्या बीजेपी से ज्यादा थी, लेकिन मजबूत प्रत्याशी की कमी के कारण वे दावेदारी ठोकने में हिचकते रहे गए.

इसी बीच उन्होंने निर्दलीय इशिता को समर्थन देने का मन बनाया, लेकिन बीजेपी को जब यह समीकरण समझ आया तो उन्होंने फौरन अपनी रणनीति बदल दी. जिसके बाद इशिता को अपने पाले में खींच कर अध्यक्ष की कुर्सी थमा दी. इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस सिर्फ हाथ मलते ही रह गई.

ये भी पढ़ें-