हिमाचल में डेली नीड की दुकान की आड़ में बेची जा रही थी चरस, दुकानदार समेत दो आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर में झंडूता पुलिस ने एक दुकान से भारी मात्रा में चरस बरामद की और दुकानदार समेत दो को गिरफ्तार किया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : April 3, 2025 at 12:18 PM IST
|Updated : April 4, 2025 at 12:54 PM IST
बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश में नशे का कारोबार बढ़ता जा रहा है. पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, बावजूद इसके प्रदेश में नशा तस्कर अपने नशा तस्करी को अंजाम दे रहे हैं. बुधवार को झंडूता पुलिस ने एक दुकानदार का पर्दाफाश किया है, जो कि डेली नीड की दुकान की आड़ में चरस बेचने का काम करता था. पुलिस ने मौके पर दबिश देकर दुकान से चरस की खेप बरामद की और आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, इस मामले में गुरुवार को एक और व्यक्ति को गिरफ्तार करने में पुलिस ने सफलता हासिल की है. इस मामले में अभी और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है.
कुल्लू से लाई गई चरस
डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने बताया कि पुलिस की छानबीन में ये बात सामने आई है कि ये चरस कुल्लू के सैंज से लाई गई थी. आरोपी ड्राइवर अजय कुमार ने इसे लाने में मदद की थी. जो कि झंडूता का ही निवासी है. आरोपी अजय की ही गाड़ी में चरस को लाया गया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
गुप्त सूचना मिलने पर दी दबिश
डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने बताया कि झंडूता पुलिस को लंबे समय से गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं कि झंडूता में एक दुकानदार डेली नीड के नाम पर चरस बेचने का धंधा कर रहा है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गहनता से मामले की जांच शुरू की और जिस दुकानदार पर आरोप लगे थे, उसकी गतिविधियों पर नजर रखना शुरू किया. बुधवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली की संबंधित दुकान में भारी मात्रा में चरस पहुंची है. अगर पुलिस फौरन छापेमारी करती है तो चरस की बड़ी मात्रा बरामद हो सकती है.
35 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
जिसके बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और दुकान पर दबिश दी. मौके पर पुलिस ने दुकान से चरस बरामद की. जब चरस का वजन किया गया तो ये 731 ग्राम पाई गई. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी काकू खान (उम्र 35 साल), निवासी झंडूता को मौके से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ झंडूता थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.
"थाना झंडूता पुलिस द्वारा 731 ग्राम चरस बरामद की है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है. स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि अगर उन्हें किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें." - मदन धीमान, डीएसपी बिलासपुर

