ETV Bharat / state

बिहार में 125 यूनिट मुफ्त बिजली का झांसा देकर साइबर ठगी, मिनटों में अकाउंट खाली

बिहार में साइबर ठग मुफ्त बिजली का झांसा देकर लोगों के अकाउंट से रुपए निकाल रहे हैं, अगर आपके साथ ऐसा हुआ तो..? पढ़ें खबर-

Etv Bharat
125 यूनिट फ्री बिजली के नाम पर साइबर ठगी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : July 26, 2025 at 4:06 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : साइबर अपराधियों ने बिहार में साइबर ठगी का नया तरीका अपनाया है. अब वे 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने के नाम पर आम लोगों को जाल में फंसा रहे हैं. पटना साइबर थाना में इसी स्कीम के तहत दो व्यक्तियों पर ₹2 लाख की ठगी का मामला दर्ज हुआ है. पीड़ितों ने अपनी शिकायत में बताया कि ठगों ने कॉल कर अगस्त की बजाय जुलाई से ही मुफ्त बिजली देने का झांसा दिया था.

ऐसे जाल में फंसाते थे साइबर ठग : अपराधी सबसे पहले फर्जी कॉल करते हैं, और एक फॉर्म भेजते हैं. उस फॉर्म को भरकर जमा करने पर जुलाई से मुफ्त बिजली मिलने का दावा किया जाता है. इसके बाद ऐप्लिकेशन डाउनलोड करवाया जाता है, जिसके जरिए पीड़ितों के मोबाइल से बैंक डिटेल्स और ओटीपी हासिल कर लिए जाते हैं. एक बार जानकारी मिलते ही बैंक खातों से पैसे निकाल लिए जाते हैं.

बिहार में साइबर ठगी का नया तरीका (ETV Bharat)

''बिहार सरकार की ओर से ऐसी कोई योजना नहीं चलाई जा रही है. अगर कोई व्यक्ति ‘मुफ्त बिजली’ के नाम पर कॉल करे, तो उसे तुरंत काट दें. किसी अज्ञात लिंक या ऐप पर क्लिक न करें. ठग लगातार सरकारी योजनाओं के नाम पर नए हथकंडे अपनाते हैं, जिनमें यूपीआई फ्रॉड, फर्जी लॉटरी और अब मुफ्त बिजली शामिल है.''- नीतिश चंद्र धारिया, साइबर थाना प्रभारी सह डीएसपी

बिहार में साइबर ठगी का ग्राफ : जनवरी-फरवरी 2025 में साइबर ठगी के मामलों में बिहार देशभर में चौथे स्थान पर रहा. केवल जून 2025 में ही राज्य में 38,472 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें ₹47.01 करोड़ की राशि को फ्रीज किया गया है.

साइबर सुरक्षा के लिए नई यूनिट गठित : ऐसे अपराधों से निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने एक विशेष साइबर सुरक्षा इकाई के गठन को मंजूरी दी है. यह इकाई सरकारी डेटा की सुरक्षा भी सुनिश्चित करेगी.

साइबर फ्रॉड हो तो 1930 पर करें कॉल : साइबर फ्रॉड की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अब तक 2025 में 15.62 लाख कॉल्स रिसीव किए गए हैं. त्वरित कार्रवाई के लिए शिकायतों को 10 श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है.

पुलिस प्रशिक्षण और जागरूकता अभियान : आर्थिक अपराध इकाई ने पिछले एक साल में लगभग 792 अधिकारियों को साइबर जांच का प्रशिक्षण दिया है. साथ ही, लगातार जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं, जिनमें स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान शामिल हैं.

सावधानी ही सुरक्षा : ईटीवी भारत आपसे अपील करता है कि अनजान लोगों को कभी भी अपना ओटीपी, बैंक डिटेल्स या आधार नंबर न बताएं. सरकारी योजनाओं की जानकारी केवल अधिकारिक वेबसाइट या कार्यालयों से ही प्राप्त करें. ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 या https://cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं.

ये भी पढ़ें-