यूपी में करवाचौथ की रात बड़ा धोखा; 12 दुल्हनें जेवर-नकदी लेकर फरार, बिहार से है सभी का कनेक्शन
अलीगढ़ में बिचौलियों ने कई परिवारों को ठगा, एक साथ हुई सभी की शादियां, रात में खिड़की-गेट से भागीं लुटेरी दुल्हनें.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : October 12, 2025 at 3:53 PM IST
अलीगढ़ : करवाचौथ की रात 12 दुल्हनें जेवर-नकदी समेट कर फरार हो गईं. सभी दुल्हनें बिहार की रहने वाली थीं. शाम को सभी ने विधि-विधान से 7 फेरे लिए थे. इसके बाद रात में घर के लोगों को नशीला पदार्थ खिलाकर भाग निकलीं. पीड़ितों ने पुलिस ने शिकायत की है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शादी कराने वाले बिचौलिये भी परिवार समेत फरार हैं.
सासनी गेट निवासी निहाल शर्मा और उनके बेटे प्रतीक शर्मा ने बताया कि उनकी पहचान इगलास के सचिन ठाकुर से कुछ दिनों पहले हुई थी. सचिन ने बताया कि बिहार से कुछ युवतियां आई हैं. वे शादी के लिए तैयार हैं. इसके बाद कुल 12 युवकों ने शादी के लिए 12 युवतियों को चुन लिया.
बिचौलियों को दिए रुपये : प्रतीक ने बिहार की शोभा को चुना. इसके लिए 1 लाख 20 हजार रुपये बिचौलियों को ऑनलाइन ट्रांसफर किया. इसी तरह कैलाश नगर निवासी वीर सिंह प्रेमवीर ने मनीषा को चुना. उसने भी 1 लाख 30 हजार रुपये दिए. इसी तरह अन्य युवकों ने भी अपनी पसंद की युवती शादी के लिए चुनी, और रुपये दिए.
बिचौलिये ने अपने घर पर कराई सभी की शादी : प्रतीक के अनुसार शुक्रवार को सचिन के घर पर ही 12 युवक-युवतियों की शादियां हुईं. वह भी इनमें से एक थे. वहां स्वयंवर जैसा माहौल था. विधि-विधान से सभी ने 7 फेरे लिए. इसके बाद सभी युवक अपनी-अपनी दुल्हनों के लेकर अपने घर चले गए. घर में भी कई संस्कार किए गए. पंडित को बुलाकर मंत्र पढ़वाए गए. इस दौरान परिवार समेत तमाम रिश्तेदार भी मौजूद थे. सभी के घर में खुशी का माहौल था.
खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिलाया : रात में सभी दुल्हनों ने करवाचौथ की पूजा की. चांद देखा और व्रत खोला. परिवार वालों ने उन्हें नए जेवर पहनाए. मिठाई खिलाई. रात में भोजन के दौरान सभी दुल्हनों ने अपने-अपने घरों में खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया. इससे घर के लोग होश खो बैठे. इसके बाद रात में लुटेरी दुल्हनें जेवर-नकदी समेट कर खिड़की और गेट के रास्ते फरार हो गईं. सुबह घर के लोग जगे तो दरवाजा खुला था. अलमारी खुली थी. सभी युवकों के घर में ऐसी ही घटनाएं हुईं.
पूर्व मेयर के घर पहुंचे पीड़ित : तमाम परिवारों ने बदनामी के डर से मामले को दबाए रखा. जबकि शनिवार को 4 पीड़ित पूर्व मेयर शकुंतला भारती के आवास पर पहुंच गए. इसके बाद उनसे न्याय दिलाने की गुहार लगाई. इसके बाद सासनी गेट थाने में मामले में मुकदमा लिखा गया. थाना प्रभारी हरि भान सिंह ने बताया कि मामले में शोभा, सचिन, मुकेश गुप्ता और उनकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
उन्होंने बताया कि मुकदमा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2), 305, 318(4), 123 के तहत दर्ज हुआ है. यह कोई सामान्य ठगी नहीं बल्कि संगठित गिरोह का काम है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
पहले भी ऐसी घटनाएं कर चुका है गैंग : पुलिस जांच में सामने आया है कि इन युवतियों को बिहार से लाया गया था. उनके साथ आने वाले कुछ पुरुष बिचौलिये बनकर लोगों से रुपये वसूलते हैं. यह गैंग पहले से कई जिलों में सक्रिय रहा है, और भी ऐसी घटनाएं भी कर चुका है. पुलिस की टीमें अब इगलास निवासी बिचौलिया सचिन ठाकुर और मुकेश गुप्ता की तलाश में छापेमारी कर रहीं हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही लुटेरी दुल्हनों के गिरोह को पकड़ा जाएगा.
यह भी पढ़ें : 8 शादी कर चुकी 'लुटेरी दुल्हन' गिरफ्तार, शादी के बाद धमकी देकर वसूलती थी रुपये

