ETV Bharat / state

बिहार में सीओ-नाजिर 30000 घूस लेते गिरफ्तार, मधुबनी में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई

मधुबनी में विजिलेंस ने रिश्वत लेते हुए सीओ और नाजिर को रंगे हाथों पकड़ा. दोनों से ₹30,000 कैश बरामद होने से हड़कंप मच गया-

मधुबनी में घूस लेते रंगेहाथ धराए सीओ और नाजिर
मधुबनी में घूस लेते रंगेहाथ धराए सीओ और नाजिर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : July 2, 2025 at 11:07 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मधुबनी : भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी मुहिम के तहत विजिलेंस टीम ने मधुबनी जिले में एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है. विजिलेंस पटना की टीम ने रहिका अंचल कार्यालय में छापेमारी कर सीओ अभय कुमार और प्रधान लिपिक सह नाजिर आदित्य कुमार ठाकुर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.

रंगे हाथ पकड़े गए दोनों अधिकारी : विजिलेंस की टीम ने रहिका सीओ अभय कुमार को ₹17,000 और नाजिर आदित्य ठाकुर को ₹13,000 की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया. दोनों को उनके आवासीय परिसर से पकड़ा गया, जहां ये रुपये ले रहे थे. टीम ने बताया कि दोनों अधिकारियों ने पीड़ित राहुल कुमार झा से जमीन बिक्री पर लगी रोक हटवाने के एवज में ₹1.25 लाख की डिमांड की थी.

भारतमाला सड़क परियोजना से जुड़ा मामला : रिश्वत का यह मामला भारतमाला सड़क परियोजना से जुड़ा हुआ है. सौराठ गांव की जमीन को भू-अर्जन प्रक्रिया में रोक सूची में डाल दिया गया था. रोक हटाने के लिए भू-अर्जन विभाग द्वारा सीओ से रिपोर्ट मांगी गई थी. इसी कार्य के लिए पीड़ित से रिश्वत की मांग की गई थी.

विजिलेंस की त्वरित कार्रवाई से प्रशासन में हड़कंप : जांच की पुष्टि करते हुए विजिलेंस टीम के डीएसपी राजन प्रसाद सिंह ने बताया कि पीड़ित राहुल कुमार झा से जमीन संबंधी कार्य के लिए अवैध रूप से पैसे की मांग की गई थी. टीम ने कुल ₹30,000 नकद बरामद किए हैं.

''पीड़ित राहुल कुमार झा के द्वारा घूस मांगने की शिकायत मिली. सीओ अभय कुमार और नाजिर आदित्य ठाकुर ने जमीन बिक्री पर लगी रोक हटवाने के एवज में 1.25 लाख की डिमांड की थी. शिकायत की जांच की गई तो पुष्टि होते ही दोनों अधिकारियों को घूस की रकम के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया. दोनों से कुल 30 हजार रुपए बरामद हुए हैं.''- राजन प्रसाद सिंह, डीएसपी, विजिलेंस

दोनों घूसखोर अधिकारियों को पटना ले गई टीम : गिरफ्तारी के बाद दोनों अधिकारियों को सर्किट हाउस लाया गया. वहां औपचारिक पूछताछ के बाद टीम उन्हें अपने साथ पटना ले गई है. कार्रवाई के दौरान सीओ के आवास पर विजिलेंस की छापेमारी से अधिकारियों में हड़कंप मच गया. छापेमारी के बाद परिजनों ने हंगामा भी किया, लेकिन टीम ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया.

ये भी पढ़ें-