नसीहत और समझाइश के बाद भी भिंड विधायक व कलेक्टर के बीच तनातनी बढ़ी
भिंड से बीजेपी विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह और कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के बीच विवाद ने और गंभीर रूप लिया. दोनों कानूनी कार्रवाई की तैयारी में.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : September 2, 2025 at 12:43 PM IST
भिंड: बीजेपी विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह और कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने अब एक-दूसरे के खिलाफ कमर कस ली है. पिछले दिनों कलेक्टर बंगला पर दोनों के बीच हुई गर्मागर्म बहस के दौरान मारपीट की नौबत आ गई थी. कलेक्टर ने उंगली दिखाई तो विधायक मुक्का लेकर मारने दौड़े. विधायक ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. सारी घटना का वीडियो वायरल होने के बाद विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह को पार्टी संगठन ने भोपाल बुलाकर नसीहत दी. अब बीजेपी विधायक और कलेक्टर ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस थाने में आवेदन दिया है.
कलेक्टर को मारने दौड़े थे बीजेपी विधायक
बीजेपी विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह और कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने रविवार को कोतवाली थाने में लिखित शिकायतें दर्ज कराईं. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें लेकर सीनियर अफसरों को भेज दी हैं. गौरतलब है कि 27 अगस्त को कलेक्टर व भिंड विधायक के बीच तनातनी ने गंभीर रूप ले लिया था. भिंड विधायक खाद संकट को लेकर कलेक्टर बंगला के बाहर समर्थकों के साथ धरना दे रहे थे. वह कलेक्टर को बाहर बुलाने पर अड़े रहे. काफी देर बाद जब कलेक्टर बंगले से बाहर निकले तो विधायक ने भड़ास निकालनी शुरू कर दी. कलेक्टर ने सलीके से बात करने के लिए उंगली दिखाई तो विधायक ने आपा खो दिया.

घटना के 5 दिन बाद दोनों ने पुलिस में की रिपोर्ट
कलेक्टर की उंगली दिखाते ही विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह दांत पीसते हुए मुक्का बनाकर कलेक्टर को मारने दौड़े लेकिन सुरक्षा कर्मी ने किसी प्रकार दोनों को अलग किया. इस दौरान विधायक ने कलेक्टर को सबसे बड़ा चोर बताया था. वहीं, कलेक्टर ने कहा था कि रेत चोरी नहीं होने दूंगा. इस घटना के 5 दिन बाद दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ सिटी कोतवाली में शिकायती आवेदन दिया.
विधायक ने लगाया जान से मारने की धमकी देने का आरोप
भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने आवेदन मे लिखा है "मैं कलेक्टर से मिलने गया था. किसानों को खाद नहीं मिल रहा था, लेकिन कलेक्टर का रवैया ठीक नहीं था. मैंने खाद की बात की तो वह रेत की चर्चा करने लगे. उन्होंने उंगली दिखाते हुए 'औकात' में रहने व जान से मरवाने की धमकी दी." वहीं कलेक्टर ने अपने आवेदन मे कहा "विधायक ने मेरा मोबाइल छीना ओर गालियां दी."

- भिंड कलेक्टर ने दिखाई उंगली तो मुक्का दिखा मारने दौड़े बीजेपी विधायक, बोले- तू सबसे बड़ा चोर
- मुक्केबाज बीजेपी विधायक भोपाल तलब, बंद कमरे में नरेंद्र कुशवाह को मिला अल्टीमेटम
थाना प्रभारी ने ली वरिष्ठ अधिकारियों से सलाह
इस मामले में टीआई ब्रजेंद्र सिंह सेंगर का कहना है "दोनों ओर से शिकायती आवेदन आए हैं. मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई है. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आगे की जांच होगी." वहीं, इस मामले में विधायक नरेंद्र सिंह का कहना है "उन्होंने कलेक्टर के खिलाफ एफआईआर की मांग की है." कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने इस मामले में कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया है.

