ETV Bharat / state

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया भिंड कलेक्टर का ट्रांसफर, फूटे पटाखे और शहर में मनी दिवाली

भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के ट्रांसफर से बीजेपी विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के समर्थकों ने जमकर की आतिशबाजी, मनाई खुशियां. जानें क्या है वजह?

bhind collector transfer
विधायक और कलेक्टर के बीच हुआ था विवाद (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : October 1, 2025 at 2:30 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भिंड: मध्य प्रदेश सरकार ने 30 सितंबर की शाम प्रदेश के 24 आईएएस अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया. इसमें प्रदेश के चर्चित अधिकारियों में शामिल भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव का ट्रांसफर चर्चा का विषय बन गया. भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह से विवाद के 33 दिन के अंदर ही उनका तबादला हो गया. उनके तबादले के बाद विधायक समर्थकों ने देर रात आतिशबाजी कर जश्न मनाया. जानते हैं आखिर दोनों में किस बात का विवाद था जिस वजह से कलेक्टर के ट्रांसफर को इस तरह सेलिब्रेट किया गया.

विधायक और कलेक्टर के बीच हुआ था विवाद

बात बीते 27 अगस्त की है जब विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह क्षेत्र में खाद संकट के चलते किसानों के साथ कलेक्टर के बंगले पर पहुंचे थे. जहां कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव और विधायक नरेंद्र सिंह के बीच जमकर कहासुनी हुई थी. इस विवाद में विधायक ने कलेक्टर को चोर बताते हुए मारने के लिए मुक्का तक तान दिया था. इस दौरान कलेक्टर ने भी कहा था कि जिले में अवैध रेत खनन नहीं होने दूंगा. इसके बाद दोनों में विवाद गहरा गया था. मामला चर्चा में आया तो बीजेपी आलाकमान ने विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा को भोपाल तलब किया था.

विधायक समर्थकों ने मनाया जश्न (ETV Bharat)

भिंड से बुलाकर दी बड़ी जिम्मेदारी

विवाद के बाद कलेक्टर और विधायक लगातार एक दूसरे की खिलाफत करते रहे. इस दौरान दोनों कई जगह एक साथ तो नजर आए, लेकिन एक दूसरे के खिलाफ नाराजगी साफ नजर आई. इस बीच जब मंगलवार की देर शाम सामान्य प्रशासन मंत्रालय से आईएएस अफसरों के तबादलों की लिस्ट जारी की, तो उसमें भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव का भी नाम शामिल था. उन्हें भिंड से हटाकर प्रदेश में बड़ी जिम्मेदारी दी गई. उन्हें लोक निर्माण विभाग का अपर सचिव बना दिया गया.

विधायक समर्थकों ने मनाया जश्न

कलेक्टर के ट्रांसफर की खबर आते ही बीजेपी विधायक विधायक समर्थकों की बांछे खिल गई. नरेंद्र सिंह कुशवाह के समर्थकों ने देर रात 12 बजे तक आतिशबाजी करते हुए कलेक्टर के ट्रांसफर का जश्न मनाया. संजीव श्रीवास्तव अपने भिंड कार्यकाल के दौरान कई बार सुर्खियों में रहे.

यहां उन्होंने जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर लगाम कसने के लिए कई ठोस कदम उठाए. वहीं क्षत्रिय समाज की ओर से तलवार भेंट कर सम्मान करने पर कलेक्टर तलवार निकालकर दिखाते नजर आए थे, जिसे बाद में कलेक्टर का शक्ति प्रदर्शन भी बताया गया था.