भिंड कलेक्टर ने दिखाई उंगली तो मुक्का दिखा मारने दौड़े बीजेपी विधायक, बोले- तू सबसे बड़ा चोर
भिंड कलेक्टर के बंगले के बाहर हाई वोल्टेज ड्रामा. कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव और बीजेपी विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के बीच गर्मागर्म बहस.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 27, 2025 at 6:39 PM IST
|Updated : August 28, 2025 at 1:27 PM IST
भिंड : भिंड कलेक्टर के बंगले पर बुधवार को बड़ी घटना होते-होते टल गई. दरअसल, खाद संकट को लेकर शुरू हुआ विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा का धरना कलेक्टर बंगले के बाहर गालीगलौच और हाथापाई तक पहुंच गया. कलेक्टर बंगले पर विधायक समर्थकों ने आपत्तिजनक नारेबाजी की तो कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा को उंगली दिखाकर कहा "ये सब नहीं चलने दूंगा." इतना सुनते ही विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा कलेक्टर की ओर मुक्का बनाकर मारने दौड़े. कलेक्टर के सुरक्षाकर्मी ने बीचबचाव किया.
खाद संकट को लेकर विधायक ने दिया धरना
दरअसल, भिंड में खाद की समस्या को लेकर बीजेपी विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा अपने समर्थकों और किसानों के साथ भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के बंगले पर दोपहर से धरने पर बैठे. वह कलेक्टर को बाहर बुलाकर बात करने की मांग कर रहे थे. जब कलेक्टर ने उनकी बात नहीं सुनी तो विधायक का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया.
विधायक बोले- किसान परेशान, प्रशासन नहीं कर रहा सुनवाई
हंगामे के बीच भिंड एसपी और एएसपी भी विधायक को समझाने पहुंचे थे, विधायक धरना खत्म करने को तैयार नहीं थे. विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह का कहना था "किसानों को जरूरत के हिसाब से खाद नहीं मिल रहा है, किसान बेहाल हैं और प्रशासन उनकी सुनवाई नहीं कर रहा है. इसलिए किसान उनके पास आकर मदद की गुहार लगा रहे हैं."
कलेक्टर के बाहर आते ही हुआ विवाद
धरने को लेकर जब हंगामा बढ़ा तो भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव बंगले के बाहर आए तो विधायक नरेंद्र सिंह से उनकी बहस होने लगी. विधायक के साथ आए प्रदर्शनकारी कलेक्टर को चोर कहते हुए नारेबाजी करने लगे. इसी बीच कलेक्टर बंगले के गेट पर आमने सामने खड़े विधायक व कलेक्टर के बीच झूमाझटकी की स्थिति बनने लगी, कलेक्टर ने विधायक को उंगली दिखाई तो विधायक ने गालीगलौच करते हुए उन्हें चोर कहकर मारने के लिए मुक्का दिखाया और उनकी ओर झपटे.

गुस्साए विधायक बोले- कलेक्टर चोर है
इसी दौरान भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने विधायक से कहा "रेत चोरी नहीं चलने दूंगा." इस बात पर विधायक ने कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव को सबसे बड़ा चोर कह दिया. कलेक्टर पर आरोप लगाते हुए विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने कहा "सबसे बड़ा रेत चोर है तू, प्राइवेट आदमी से रेत वसूली करा रहा है.". इस दौरान धमकाते हुए विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा कलेक्टर बंगले में भी घुसे. इस बीच विधायक का कोई समर्थक मोबाइल फ़ोन से वीडियो बना रहा था, जिस पर कलेक्टर ने आपत्ति लेते हुए कैमरा बंद करा दिया."

- मुर्गा-बकरा खाने के लिए नहीं भेजा गया, डिंडौरी कलेक्टर पर भड़के MLA ओमप्रकाश धुर्वे
- विधानसभा में भाजपा विधायक का छलका दर्द, बोले-पार्टी के अनुशासन का दंड, हाथ बंधे और मुंह पर ताले
प्रभारी मंत्री से बात होने पर धरना ख़त्म

हालांकि इस मामले में कमलेक्टर संजीव श्रीवास्तव से भी उनका पक्ष लेने के लिए हमने संपर्क किया. लेकिन उन्होंने क़ल रिसीव नहीं किया. वहीं, विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल से बात होने के बाद धरना समाप्त कर दिया.

