ETV Bharat / state

धोखाधड़ी की आरोपी महिला को गिरफ्तार करने पहुंची थी बंगाल पुलिस, परिजनों ने कर दी पिटाई, एफआईआर दर्ज

पाकुड़ में एक आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची बंगाल पुलिस पर हमला किया गया. घटना महेशपुर थाना क्षेत्र की है.

Bengal police who went to arrest an accused in Pakur were attacked
बंगाल पुलिस का क्षतिग्रस्त वाहन (ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : May 13, 2025 at 7:08 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

पाकुड़: जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में धोखाधड़ी की आरोपी एक महिला को गिरफ्तार करने पहुंची पश्चिम बंगाल पुलिस की जमकर पिटाई कर दी गई. पुलिस जीप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. घटना को लेकर पश्चिम बंगाल की पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ कई धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी है.

मिली जानकारी के मुताबिक महेशपुर प्रखंड ग़दरपाड़ा गांव की महिला नूरताज खातून को गिरफ्तार करने पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले के रामपुरहाट थाने की पुलिस पहुंची थी. इस दौरान बंगाल पुलिस ने महिला को गिरफ्तार भी कर लिया. गिरफ्तारी के बाद महिला हो हल्ला करने लगी.

इस दौरान महिला के परिजन पहुंचे और बंगाल पुलिस के साथ गाली गलौज, हाथपाई व मारपीट करने लगे. परिजनों ने पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. माहौल बिगड़ता देख बंगाल पुलिस किसी तरह जान बचाकर भागी और इसकी जानकारी महेशपुर थाने की पुलिस को दी.

आरोपी महिला एवं उसके परिजनों द्वारा की गयी मारपीट में रामपुरहाट थाने के पुलिस अवर निरीक्षक सपन घोष घायल भी हुए. उनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया. सपन घोष के बयान पर महेशपुर थाने में कांड संख्या 97/25 दर्ज किया गया. पुलिस अवर निरीक्षक के लिखित बयान पर समीर सेख, अजीम सेख, जसीम सेख, नारगिस बीबी एवं जलाल सेख को अभियुक्त बनाया गया है.

रामपुरहाट थाने की पुलिस के मुताबिक गदरपाड़ा निवासी नूरताज खातून के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में रामपुरहाट थाने में कांड संख्या 169/25 दर्ज है. महेशपुर थाने की पुलिस की सहयोग से उसे गिरफ्तार करने पहुंचे. गिरफ्तारी के दौरान आरोपी महिला एवं उसके परिजनों ने जानलेवा हमला कर दिया तथा सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया.

इस मामले में महेशपुर थाना प्रभारी विकर्ण कुमार ने बताया कि पुलिस अवर निरीक्षक सपन घोष के लिखित बयान पर कांड अंकित कर मामले की जांच की जा रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी.

ये भी पढ़ेंः

पाकुड़ के मुख्य डाकघर में लगी भीषण आग, कई सामान जलकर राख, कामकाज प्रभावित

पाकुड़ में खनन टास्क फोर्स की टीम ने की छापेमारी, 11 क्रशर सील