रांची जिले में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत जून महीने की राशि का भुगतान, 3.85 लाख महिलाओं को मिला लाभ
रांची जिले की लाभुकों को मंईयां सम्मान योजना के तहत जून महीने की राशि मिल गई. लाभुकों के चेहरे पर खुशी है.

Published : August 1, 2025 at 7:29 PM IST
रांचीः राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले में जून महीने की सम्मान राशि का भुगतान लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में कर दिया गया है. जिला प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, जिले की कुल 3,85,751 महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपए की दर से सीधे उनके खातों में कुल 96.43 रुपए करोड़ की राशि ट्रांसफर की गई है.
इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को हर माह सम्मान राशि देकर आर्थिक आत्मनिर्भरता और सामाजिक सम्मान प्रदान करने का लक्ष्य है. जून माह के साथ-साथ मई महीने के द्वितीय चरण का भुगतान भी कर दिया गया है, जिसके अंतर्गत 74,534 महिलाओं को 18.63 रुपए करोड़ की राशि दी गई.
प्रखंडवार लाभुकों की संख्या
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, जून माह में सबसे अधिक लाभुक कांके प्रखंड (31,460) और सदर शहरी क्षेत्र (26,881) से थे. इसके अलावा मांडर (23,249), सिल्ली (21,164), बेड़ो (20,564) और चान्हो (19,676) जैसे क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में महिलाएं लाभान्वित हुईं.
शहरी क्षेत्रों में अरगोड़ा (11,878), हेहल (15,117), बड़गाईं (8,901), नगड़ी (7,428) और नामकुम (8,342) जैसे इलाकों में योजना का प्रभाव दिखा है.
मई माह के द्वितीय चरण के तहत भी इन्हीं क्षेत्रों की लाभुक महिलाओं को राशि का भुगतान किया गया है. इस चरण में अनगड़ा (2,817), बेड़ो (4,300), मांडर (4,276) और सिल्ली (4,381) जैसे प्रखंडों में अपेक्षाकृत ज्यादा संख्या में भुगतान हुआ.
भौतिक सत्यापन और आधार सीडिंग अनिवार्य
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि जिले में लाभुकों का भौतिक सत्यापन कार्य तेजी से जारी है. ऐसे लाभुक जो अभी तक योजना से वंचित हैं, वे संबंधित आंगनबाड़ी सेविका से संपर्क कर सत्यापन प्रपत्र प्राप्त करें और प्रक्रिया पूरी कर लाभ लें.
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन लाभुकों के खाते अब तक आधार से लिंक नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल अपने बैंक में जाकर आधार सीडिंग करानी होगी, तभी भविष्य में उनके खाते में भुगतान संभव होगा.
सरकार की पहल, महिलाओं को आर्थिक संबल
राज्य सरकार की यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम और सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में एक मजबूत पहल मानी जा रही है. सीधे खातों में राशि स्थानांतरण होने से योजना में पारदर्शिता बनी हुई है और महिलाएं अब अपनी छोटी-छोटी जरूरतों को खुद पूरा करने में समर्थ हो रही हैं. जिला प्रशासन ने बताया कि जिन महिलाओं का सत्यापन अभी शेष है, उन्हें भी जल्द ही योजना का लाभ मिलने लगेगा.

