बड़वानी में ग्रामीणों ने लीजधारकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, अधिकारी और पुलिस तमाशबीन
बड़वानी में गिट्टी खदान के लिए आवंटित सरकारी जमीन के सीमांकन के दौरान विवाद. खेती कर रहे ग्रामीणों ने जमकर भांजी लाठियां.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 22, 2025 at 1:49 PM IST
बड़वानी: राजपुर रोड स्थित गिट्टी खदान के लिए आवंटित सरकारी जमीन का सीमांकन करने पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने लीजधारकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिस के सामने लोग लाठियां लेकर लीजधारकों के पीछे भागते नजर आ रहे हैं. मारपीट में 3 लोग घायल हुए हैं जिसमें 2 को गंभीर अवस्था में बड़वानी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मारपीट करने वाले 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सरकारी जमीन का सीमांकन करने के दौरान विवाद
बता दें कि राजपुर रोड स्थित एक क्रेशर प्लांट को गिट्टी खदान के लिए सरकारी जमीन आवंटित की गई थी. भूस्वामी सुषमा पाटीदार ने इस आवंटित सरकारी जमीन का सीमांकन करने का आवेदन दिया था. सीमांकन करने के लिए अंजड़ पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारियों का दल वहां पर पहुंचा था. सीमांकन की जानकारी लगते ही इस जमीन पर पहले से ही खेती कर रहे ग्रामीण भी वहां पहुंचे गए. विवाद करते हुए उन्होंने लीजधारकों पर लाठियों से हमला कर दिया और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा.
खेती कर रहे ग्रामीणों ने भांजी लाठियां
गिट्टी क्रेशर प्लांट के लिए सरकारी जमीन आवंटित की गई थी. इस पर पहले से ही किसान खेती कर रहे थे. सीमांकन के लिए अंजड़ तहसीलदार भूपेंद्र भीडे, नायब तहसीलदार आदित्य प्रताप सिंह और पटवारी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे थे. इसी दौरान लीजधारकों और ग्रामीणों के बीच पहले विवाद हुआ और फिर मारपीट शुरू हो गई. ग्रामीणों ने लीजधारकों पर जमकर लाठियां भांजी और फिर उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. यह विवाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ.
- सीमांकन करने गए राजस्व अमले पर हमला, जान बचाकर भागी टीम, 14 पर मुकदमा दर्ज
- किसान से सीमांकन के लिए आरआई ने मांगी रिश्वत, पैसे लेते ही धमक पड़ी लोकायुक्त की टीम
5 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
मारपीट में नीरज पाटीदार और सुशील पाटीदार को गंभीर चोटें आईं हैं. दोनों को नगर के सिविल अस्पताल से बड़वानी जिला अस्पताल रेफर किया गया. वहीं पंकज पाटीदार को भी पैर में चोट आई है. राजपुर एसडीएम जितेंद्र पटेल ने बताया कि "सुषमा पाटीदार की शिकायत पर 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है. पुलिस वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों का पता लगाकर आगे की कार्रवाई करेगी."

