बिहार में बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, सुपौल में भारत-नेपाल बॉर्डर पर SSB जवानों ने पकड़ा
बिहार में बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है. वो नेपाल के रास्ते भारत में घुसने की फिराक में था. पढ़ें पूरी खबर...

Published : March 20, 2025 at 1:00 PM IST
|Updated : March 20, 2025 at 2:31 PM IST
सुपौल: बिहार में आए दिन अवैध रूप से बांग्लादेशी नागरिकों के घुसने की घटना आती रहती है. इसी कड़ी में इंडो-नेपाल सीमा के कुनौली बॉर्डर के खुली सीमा पर बुधवार की शाम एसएसबी 45वीं बटालियन के जवानों ने एक संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है.
सुपौल में बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार : जानकारी देते हुए 45वीं बटालियन के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि मामला सीमा चौकी कुनौली का है. जहां भारत-नेपाल सीमा के चेक पोस्ट पर ड्यूटी के दौरान तैनात एसएसबी जवानों द्वारा नेपाल से भारत जा रहे शख्स को संदेहजनक परिस्थितियों में रोककर पूछताछ की गई.
भारत में घुस रहा था, SSB ने ली तलाशी : पूछताछ के दौरान शख्स ने अपने सामान की तलाशी लेने से इंकार कर दिया. वहीं उसने एसएसबी को नकली पहचान पत्र दिखाया. पूछताछ के दौरान शख्स ने अपना पहचान मोल्ला अकबर के बेटे 49 वर्षीय मोल्ला रफी बताया था. बता दें कि आधार कार्ड के हिसाब से शख्स की उम्र 65 वर्ष है. वो ग्राम-तेंतुलबेरिया, थाना नक्शीपाड़ा जिला नादिया पश्चिम बंगाल का रहने वाला है.
"सीमा चौकी कुनौली के भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी जवानों द्वारा नेपाल से भारत आ रहे शख्स को संदेहजनक परिस्थितियों में रोककर पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान शख्स ने अपने सामान की तलाशी लेने से इंकार कर दिया और उसने नकली पहचान पत्र दिखाया है. जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया."-गौरव सिंह, कमांडेंट
6 महीने पहले भी हुआ था गिरफ्तार: अधिक पूछताछ करने पर शख्स ने बताया कि साल 2010-11 में मुंबई पुलिस द्वारा इसे बांग्लादेशी नागरिक होने के आधार पर पनवेल पुलिस द्वारा 6 महीने की जेल भी हुई थी. नकली दस्तावेज दिखाने और पहचान छुपाने के आधार पर शख्स को आवश्यक कार्रवाई के साथ थाना कुनौली को सुपुर्द कर दिया गया है. इस दौरान एसएसबी के सहायक उप निरीक्षक जयदेव घोष और अन्य जवान उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें : 8 साल से बौद्ध भिक्षु बनकर गया में रह रहा था बांग्लादेशी नागरिक, थाईलैंड भागने के दौरान पकड़ाया

