बाबूलाल मरांडी का सूर्या हांसदा एनकाउंटर और रिम्स-2 को लेकर सरकार पर हमला, बोले- बीजेपी करेगी 11 सितंबर को प्रदर्शन
बाबूलाल मरांडी ने बताया कि सूर्या हांसदा एनकाउंटर और रिम्स-2 के मुद्दे पर बीजेपी 11 सितंबर को प्रदर्शन करेगी.

Published : September 7, 2025 at 5:12 PM IST
रांची: 11 सितंबर को बीजेपी सूर्या हांसदा एनकाउंटर केस को लेकर राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों में प्रदर्शन करेगी. यह बात बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही. बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाते हुए कहा कि संथाल क्षेत्र में एक सामाजिक कार्यकर्ता और खनन माफिया के खिलाफ मजबूत आवाज के रूप में उभर रहे, सूर्या हांसदा का एनकाउंटर नहीं हुआ बल्कि सरकार के इशारे पर हत्या कराई गई है.
झारखंड में खनन की लूट: बीजेपी
कई तथ्यों का हवाला देते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पुलिस जिस जगह पर सूर्या हांसदा एनकाउंटर की बात कह रही है, वहां खून का एक धब्बा तक नहीं है, यह क्या दर्शाता है? बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर निशाना साधते कहा कि झारखंड में खनन की लूट चल रही है, क्योंकि सरकार मौन है और खनिजों को लूटा जा रहा है.
सूर्या हांसदा केस को सड़क पर उठाएगी बीजेपी: बाबूलाल
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि सूर्या हांसदा इन मुद्दों पर मुखर होकर बोलते थे, जिसकी वजह से सूर्या हांसदा की हत्या हुई है. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बीजेपी ने पहले भी इस मुद्दे को सदन में उठाया था लेकिन अब इस मुद्दे को सड़क पर उठाया जाएगा. बाबूलाल मरांडी ने कांके नगड़ी में प्रस्तावित 'रिम्स-2' का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नगड़ी जमीन अधिग्रहण का वहां के रैयत, लंबे समय से विरोध कर रहे हैं लेकिन सरकार उसी जमीन पर रिस्म -2 बनाना चाहती है.
सूर्या हांसदा एनकाउंटर (हत्या) और रिम्स 2 के मुद्दे पर 11 सितम्बर को सभी प्रखंड मुख्यालयों में भाजपा प्रदर्शन करेगी
— BJP JHARKHAND (@BJP4Jharkhand) September 7, 2025
: श्री @yourBabulal जी, प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष pic.twitter.com/oDDNiCAefj
आदिवासियों की जमीन को अधिग्रहित करना चाहती है सरकार
बीजेपी नेता ने बताया कि हाल की घटनाओं से साफ नजर आ रहा है कि आदिवासियों के विरोध के बावजूद, सरकार जमीन अधिग्रहण पर तुली हुई है. इन दोनों मुद्दों के विरोध में 11 सितंबर 2025 को सभी प्रखंड मुख्यालयों पर बीजेपी नेता प्रदर्शन करेंगे और राज्यपाल के नाम का ज्ञापन बीडीओ को सौंपेंगे. इसके बाद भी सरकार नहीं मानी तो आंदोलन किया जाएगा.
विकास विरोधी है बीजेपी: राकेश सिन्हा
बीजेपी द्वारा 11 सितंबर को राज्यव्यापी प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि बाबूलाल मरांडी के बयानों से साफ है कि बाबूलाल मरांडी ने मान ही लिया कि अपराधी, भ्रष्टाचार और दुष्कर्मी, बाबूलाल मरांडी की नजर में सामाजिक कार्यकर्ता होते हैं. राकेश सिन्हा ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष को राजनीति में नैतिकता से कोई लेना देना नहीं है. वहीं उन्होंने रिम्स 2 को लेकर कहा कि कांके नगड़ी में रिम्स- 2 बनाने की योजना सिर्फ प्रस्तावित है और उसी से बीजेपी में खलबली है क्योंकि ये लोग विकास विरोधी हैं.
सूर्या हांसदा अपराधी था और हमेशा रहेगा, एक हत्यारे को नेता बताने में लगी है भाजपा: हेमलाल मुर्मू

