बिहार में खेल पुरस्कारों के लिए 11 जून से आवेदन, जानिए कौन कर सकता है अप्लाई
बिहार के खेल पुरस्कारों के लिए 11 जून से आवेदन शुरू हो रहा है. जानें पात्र खिलाड़ी कैसे कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन. पढ़ें खबर.

Published : June 8, 2025 at 1:59 PM IST
पटना: बिहार के खिलाड़ियों के लिए गौरव का अवसर फिर से आने वाला है. खेल विभाग, बिहार सरकार और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (BSSA) के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 29 अगस्त, 2025 को खेल दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले वार्षिक राज्य स्तरीय खेल सम्मान समारोह के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने जा रही है. इस प्रतिष्ठित समारोह में राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नकद पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे.
ऑनलाइन पंजीकरण की तारीख: बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि इस सम्मान समारोह के लिए ऑनलाइन आवेदन 11 जून, 2025 को दोपहर 12 बजे से शुरू होगा. सभी इच्छुक और पात्र खिलाड़ियों को अपना पंजीकरण प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन ही करना होगा.
आवेदन प्रक्रिया और आखिरी तारीख: आवेदन भरने की अंतिम तिथि 10 जुलाई, 2025 मध्यरात्रि 12 बजे निर्धारित की गई है. रवीन्द्रण शंकरण ने स्पष्ट किया कि इस समय सीमा के बाद आवेदन पोर्टल बंद हो जाएगा और कोई भी खिलाड़ी आवेदन नहीं कर पाएगा. सभी को समय सीमा का ध्यान रखना आवश्यक है.
सख्त पात्रता मानदंड: इस सम्मान समारोह में आवेदन करने का अवसर सिर्फ उन्हीं चुनिंदा खिलाड़ियों के लिए है, जिन्होंने खेल प्राधिकरण द्वारा निर्धारित विशिष्ट अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया हो. आवेदक को 1 अप्रैल, 2024 से लेकर 31 मार्च, 2025 तक की अवधि में आयोजित राष्ट्रीय अथवा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बिहार राज्य या भारत राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक (स्वर्ण, रजत या कांस्य) जीता होना अनिवार्य शर्त है. अन्य किसी भी आधार पर आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे.
विवरण के लिए आधिकारिक स्रोत अपनाएं: प्राधिकरण ने सभी इच्छुक खिलाड़ियों से आग्रह किया है कि वे आवेदन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी, दिशा-निर्देश, पात्रता के बारे में पूर्ण विवरण और आवेदन पोर्टल का लिंक केवल बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट से लें. वहीं उसके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (जैसे फेसबुक, एक्स आदि) से भी प्राप्त कर सकते हैं.
भूलकर भी न करें ये गलती: किसी भी प्रकार की गलत सूचना या भ्रम से बचने के लिए अफवाहों पर ध्यान न देकर सीधे आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें. महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने पात्र सभी खिलाड़ियों से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने का आह्वान किया है ताकि वे इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय सम्मान का हिस्सा बन सकें.
ये भी पढ़ें-
बिहार की खेल क्रांति, 88 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी, 200 की स्क्रूटनी शुरू
शिलापट्ट में नाम नहीं देखकर भड़के BJP MLA, खेल मैदान का उद्घाटन करने पहुंचे थे नेता

