अनुष्का यादव के भाई आकाश की चेतावनी- 'हालात बिगड़े तो ब्रह्मा, विष्णु, महेश भी कुछ नहीं कर पाएंगे'
तेज प्रताप-अनुष्का यादव की कहानी को लेकर राजनीतिक पारा जहां चरम पर है. वहीं भाई आकाश भी बहन के लिए खड़े हैं. पढ़ें पूरी खबर.


Published : May 29, 2025 at 6:30 PM IST
पटना : रश्मिरथी में रामधारी सिंह 'दिनकर' ने कृष्ण की चेतावनी को अपने शब्दों में लिखा था, 'दो न्याय अगर तो आधा दो, पर इसमें भी यदि बाधा हो, तो दे दो केवल पांच ग्राम, रक्खो अपनी धरती तमाम... जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है..'' कुछ इसी तरह के शब्द आजकल अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव के मुंह से सुनने को मिल रहा है.
'ब्रह्मा, विष्णु, महेश भी कुछ नहीं कर पाएंगे' : आकाश यादव ने चेतावनी भरे लहजों में कहा है कि अगर लालू परिवार समय रहते सबकुछ टीक नहीं करता है तो हालात बिगड़ जाएंगे. ऐसी परिस्थिति में ब्रह्मा, विष्णु, महेश भी कुछ नहीं कर पाएंगे. आकाश यादव का कहना है कि तेज प्रताप यादव, लालू परिवार में 'सूर्यवंशम' फिल्म के 'हीरा ठाकुर' की तरह हैं और लालू यादव 'ठाकुर भानु प्रताप सिंह' की भूमिका में हैं.
'तेज प्रताप यादव मेरे घर आते थे' : दरअसल, तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव के रिश्ते जगजाहिर होने के बाद आकाश यादव सामने आए. उन्होंने कहा कि मेरी बहन के साथ तेज प्रताप यादव के संबंध हैं. वह हमारे घर भी आते थे. यही नहीं उनकी बहन और जीजा जी भी मेरे घर आ चुके हैं.

''जब यह प्रकरण सामने आया था तो मैंने लालू प्रसाद यादव से बातचीत भी की थी. हालांकि उन्होंने कहा था कि, 'बाद में बात करते हैं.' इस मामले पर तेजस्वी यादव को भी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए.''- आकाश यादव, अनुष्का यादव के भाई
'तेज प्रताप की बात को घर में नहीं सुना जाता' : आकाश यादव का कहना है कि मेरी बहन अनुष्का तभी सामने आएगी जब तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव खुद सामने आकर कुछ कहेंगे. आकाश ने तो यहां तक कहा कि तेज प्रताप यादव की बात को घर में नहीं सुना जाता. तभी वह अपनी बातों को सोशल मीडिया में आकर कहते हैं. यही नहीं दबाव डालकर उनके पोस्ट को डिलीट भी करवाया जाता है.
''तेज प्रताप यादव के साथ अन्याय हो रहा है. इस पूरे विवाद के पीछे तेजस्वी यादव के करीबी हैं. वही लोग साजिश रच रहे हैं. ऐसे में तेजस्वी यादव के लिए आने वाला समय आसान नहीं होगा. अगर लालू और तेजस्वी चाहें तो चुप्पी तोड़कर परिवार को टूटने से बचा सकते हैं.''- आकाश यादव, अनुष्का यादव के भाई

क्या है पूरा मामला? : दरअसल, 24 मई की शाम को तेज प्रताप यादव ने अपने पोस्ट से तहलका मचा दिया था. फेसबुक पर पोस्ट किया और लिखा कि अनुष्का यादव के साथ मैं 12 साल से रिश्ते में हूं. हालांकि रात होते-होते उन्होंने अपना पोस्ट डिलीट कर दिया. फिर एक्स पर लिखा कि उनके अकाउंट को हैक किया गया था.
हालांकि अगले दिन यानी 25 मई को आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने तेज प्रताप यादव को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया. यही नहीं परिवार से भी अलग करने की घोषणा कर दी. इसके बाद तेजस्वी यादव के साथ-साथ मीसा भारती और रोहिणी आचार्य भी अपने पिता की बातों में हामी भरते नजर आए.
आकाश को RLJP ने बाहर निकाला : इधर, आकाश यादव के बयानों को लेकर कार्रवाई भी की गई है. पशुपति पारस की पार्टी राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी ने उन्हें 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है. मतलब राजनीति हर जगह से हो रही है.
ये भी पढ़ें :-
तेज प्रताप प्रकरण: अनुष्का के भाई आकाश यादव को RLJP ने पार्टी से 6 साल के लिए निकाला
तेज प्रताप की नादानी या फिर सोची समझी चाल, जानिए अनुष्का प्रकरण की इनसाइड स्टोरी
लालू यादव ने तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से निकाला, कहा-'इनके संस्कार हमारे अनुरूप नहीं'

