बड़कागांव में बिजली संकट पर अंबा प्रसाद का हमला, डीवीसी-एनटीपीसी पर लगाए गंभीर आरोप
अंबा प्रसाद ने बड़कागांव और हजारीबाग में बिजली संकट को लेकर डीवीसी और एनटीपीसी की निष्क्रियता पर सवाल उठाए हैं.


Published : June 17, 2025 at 8:03 PM IST
रांची: राजधानी रांची में अपने आवास पर मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने हजारीबाग और बड़कागांव क्षेत्र में जारी बिजली संकट के लिए डीवीसी और एनटीपीसी को जिम्मेदार ठहराया.
पूर्व कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद ने बिजली संकट पर कहा, 'बड़कागांव में पावर ग्रिड का निर्माण जमीन उपलब्ध न होने के कारण रुका हुआ है, जबकि इसका शिलान्यास हो चुका है. क्षेत्र में बिजली की स्थिति बद से बदतर है, जहां मुश्किल से 2-3 घंटे बिजली मिलती है.'
जनता परेशान, समाधान के लिए कोई प्रयास नहीं
अंबा प्रसाद ने बड़कागांव में बिजली की मूलभूत सुविधा न मिलने पर नाराजगी जताई और कहा, 'आम लोग परेशान हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल रहा. जनता ने ऐसे विधायक चुने हैं, जिन्हें बिजली की समस्या को लेकर कहां आवाज उठानी है, यह पता ही नहीं.' उन्होंने अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने डीवीसी, एनटीपीसी, जेबीवीएनएल और झारखंड बिजली वितरण लिमिटेड के साथ समन्वय स्थापित कर बड़कागांव में सुचारू बिजली आपूर्ति के लिए प्रयास किए थे. साथ ही, ग्रिड निर्माण के लिए जमीन आवंटन की प्रक्रिया शुरू करवाई थी, लेकिन एनटीपीसी की ओर से कोई पहल नहीं हो रही.
बीजेपी पर निशाना: सांसद-विधायक नाकाम
पूर्व विधायक ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, 'एनटीपीसी केंद्र सरकार के अधीन कार्य करती है. बड़कागांव में बीजेपी के विधायक और हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में बीजेपी के सांसद हैं. इसके बावजूद, डीवीसी और एनटीपीसी से बिजली समस्या का समाधान नहीं हो रहा. अगर उनके पास कोई योजना है, तो जनता को बताएं.' अंबा ने आरोप लगाया कि डीवीसी बहाने बनाकर लाइन काट रहा है, और स्थानीय विधायक-सांसद डीवीसी-एनटीपीसी कार्यालयों का घेराव करने के बजाय बिजली ऑफिस का घेराव कर रहे हैं, जो महज दिखावा है.
ये भी पढ़ें:
हजारीबाग में लचर बिजली व्यवस्था के खिलाफ धरने पर बैठे सांसद, जीएम कार्यालय का भी घेराव
जामताड़ा में बिजली की समस्या पर मंत्री इरफान अंसारी की बैठक, पदाधिकारियों को दिए दिशा निर्देश

