बिहार के 29 जिलों में बारिश का अलर्ट, इन 7 जिलों में आंधी के साथ होगी तेज बारिश
बिहार के 29 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने गर्मी के लौटने की तारीख बताई. पढ़ें खबर

Published : May 5, 2025 at 8:03 AM IST
पटना: बिहार के 29 जिलों में फिर से भारी आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. खासकर किशनगंज समेत सात जिलों में भयंकर बारिश की चेतावनी दी गई है, जहां बारिश की वजह से गलियों और सड़कों पर जलजमाव हो सकता है. इस दौरान 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है, जिससे सड़कों पेड़ों के गिरने का खतरा है. इस बारिश में ठंडक गिरने की चेतानी भी दी गई है. वहीं ये मौसम किसानों के लिए भी एक चुनौती बन सकता है.
29 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट: भारतीय मौसम विभाग ने बिहार के 29 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, इन जिलों में बारिश के साथ 30-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. साथ ही कई इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका भी जताई गई है. पटना, समस्तीपुर, बगहा और मुंगेर जैसे जिलों में बारिश की वापसी पहले ही हो चुकी है.
— मौसम विज्ञान केंद्र, पटना (@imd_patna) May 4, 2025
किशनगंज समेत 7 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट: मौसम विभाग ने किशनगंज, अररिया, सुपौल, कटिहार, पूर्णिया, सहरसा और मधेपुरा जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है. इन जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 50-60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है. इन्हें देखते हुए विभाग ने इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जो मध्यम से गंभीर स्थिति की ओर इशारा करता है.
— मौसम विज्ञान केंद्र, पटना (@imd_patna) May 4, 2025
पटना समेत इन जिलों में यलो अलर्ट: राजधानी पटना समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है. यहां के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी बिहार में अगले दो दिनों तक बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
— मौसम विज्ञान केंद्र, पटना (@imd_patna) May 4, 2025
तेज बारिश और हवाओं ने दी गर्मी से राहत: रविवार को भागलपुर राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रोहतास, छपरा, आरा और मुंगेर में भी पारा 39-40 डिग्री तक पहुंचा. हालांकि शाम को मौसम बदलने से कई इलाकों में तेज बारिश और हवाएं चलीं, जिससे तापमान में गिरावट आई. समस्तीपुर और मुंगेर में तेज बारिश दर्ज की गई, वहीं बगहा में आंधी के साथ जोरदार बारिश हुई.
— मौसम विज्ञान केंद्र, पटना (@imd_patna) May 4, 2025
7 मई तक होगी बारिश: मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 5 से 7 मई के बीच बिहार के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी. इस दौरान बादल छाए रहेंगे और वातावरण में नमी बनी रहेगी. हालांकि 7 मई के बाद बारिश कम हो जाएगी और वातावरण में नमी घटने से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी.
इस तारीख से बढ़ रही लू की स्थिति: मौसम विभाग का अनुमान है कि 9 मई के बाद गर्मी दोबारा तीव्र रूप से लौटेगी. विशेष रूप से पश्चिमी बिहार के जिलों में लू की स्थिति बनने की आशंका है. इस दौरान दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का प्रकोप रहेगा. लोगों को लू से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
पढ़ें-बिहार में भयंकर बारिश और ठनका गिरने की चेतावनी, 25 जिलों में येलो अलर्ट जारी

