ETV Bharat / state

लखनऊ में अखिलेश यादव बोले- मायावती अत्याचार करने वालों की आभारी हैं तो हम क्या कर सकते हैं?

सपा मुखिया ने कहा- मुलायम सिंह यादव के समर्थन से ही पहली बार कांशीराम को एटा से लोकसभा भेजा गया था.

अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना.
अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : October 9, 2025 at 3:58 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पर कांशीराम की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान उन्होंने कहा कि PDA की लड़ाई बड़ी है. इसमें हमारे महापुरुषों ने जो योगदान दिया है उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता है. मायावती अत्याचार करने वालों की आभारी हैं तो हम क्या कर सकते हैं.

सपा मुखिया ने कहा कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक नेताजी मुलायम सिंह यादव के समर्थन से ही पहली बार कांशीराम को एटा से लोकसभा भेजा गया था. उस समय की सांप्रदायिक राजनीति को रोकने में समाजवादी पार्टी और कांशीराम की अहम भूमिका थी.

स्मारकों को समाजवादी सरकार ने संरक्षित किया : मायावती के भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने न केवल स्मारकों का संरक्षण किया, बल्कि उन्हें आगे भी संवारा. एक बार मैं एयरपोर्ट जा रहा था, तब देखा कि खजूर के पेड़ सूख रहे हैं. हमने फूलदार पौधे लगवाए. पत्थरों की चमक भी बरकरार रखी. विधानसभा के रिकॉर्ड में दर्ज है कि हमने अफसरों को निर्देशित किया था कि सभी स्मारकों का निरीक्षण और देखभाल की जाए.

अखिलेश ने कहा कि अगर मायावती अत्याचार करने वालों की आभारी हैं तो हम क्या कर सकते हैं. उनके भाषण से सबने अपने-अपने हिसाब से मतलब निकाल लिया है. हमें भी एक बात अच्छी लगी कि उन्होंने कहा कि "कुछ लोग मेरा वोट ले लेते हैं लेकिन अपना वोट नहीं देते. यह बात किसके लिए कही, यह सबको पता है.

बरेली घटना पर सरकार को घेरा : अखिलेश यादव ने बरेली की हालिया घटना को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. कहा कि कानपुर में रोशनी की रात में जिन लोगों पर एफआईआर हुई वे समाजसेवी थे, जो भूखों को खाना खिलाते थे. सरकार ने उन्हें निशाना बनाया ताकि अखिलेश दुबे को बचाया जा सके. बरेली की घटना कानपुर प्रकरण से ध्यान भटकाने के लिए की गई.

सरकार आने पर फर्जी मुकदमे वापस लिए जाएंगे : सपा मुखिया ने कहा कि अगर बुलडोजर चलाना ही है तो अखिलेश दुबे की संपत्तियों पर क्यों नहीं चलाया गया? इस घटना से सरकार राजनीतिक लाभ लेना चाहती है. बरेली में छोटे बच्चों को जेल भेजना निंदनीय है. सरकार आने पर सभी फर्जी मुकदमे वापस लिए जाएंगे. जिस जिला अधिकारी ने हमें कटहरी उपचुनाव हराया था उसको अब बड़ा जिला मिला है. बरेली की घटना जान-बूझकर कराई गई. यह प्रशासन का फेलियर है.

सपा मुखिया ने लॉ एंड ऑर्डर पर उठाए सवाल : सपा अध्यक्ष ने कहा कि एनसीआरबी के आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश में महिलाओं, बच्चियों और दलितों के खिलाफ अपराधों में वृद्धि हुई है. हरिओम की हत्या पहली नहीं है. वाल्मीकि समाज के लड़के की हत्या हो चुकी है. हर शहर में ऐसी घटनाएं बढ़ रहीं हैं. इससे साफ है कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है.

किसानों की समस्याओं पर सरकार को घेरा : अखिलेश यादव ने खाद संकट और किसानों की बदहाली पर भी सरकार पर निशाना साधा. कहा कि समाजवादी पार्टी ने उर्वरक संकट को लेकर सरकार को पहले ही चेताया था, लेकिन अब भी खाद की उपलब्धता नहीं है. किसानों को लाइन में लगकर लाठियां खानी पड़ रहीं हैं. कई जगह जानें गईं. सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात करती है लेकिन मुनाफाखोरों को फायदा पहुंचा रही है.

बिजली विभाग और उद्योगों की हालत पर कसा तंज : सपा मुखिया ने कहा कि बिजली विभाग को मुख्यमंत्री ने चौपट कर दिया है. कानपुर का बिजली प्लांट अब तक शुरू नहीं हो पाया. ये बिजली बनाने नहीं, पैसा कमाने में लगे हैं. गौ-उद्योगों की दुर्दशा पर बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में पहला गाय दूध प्लांट लगाया गया था, वह भी बंद हो गया. मंडियां बंद कर दी गईं, गन्ने का मूल्य नहीं बढ़ाया गया.

अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने पुराने लखनऊ के विकास के लिए बैठक की है. तय किया है कि लोकल मेनिफेस्टो बनाया जाएगा ताकि स्थानीय समस्याओं का समाधान हो सके. उन्होंने ओमप्रकाश राजभर को संदेश देते हुए कहा कि अपने साथियों को लेकर आइए, अब सबका हल हो जाएगा.

'आजम खान से मुलाकात अच्छी रही' : अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी आजम खान से मुलाकात अच्छी रही. बुलडोजर पर खुद भारत के चीफ जस्टिस ने दूसरे देश में टिप्पणी की है. जिस व्यक्ति ने जूता फेंका था, वह भी बीजेपी से जुड़ा था. बीजेपी गोबर से तिलक करती है, लेकिन किसानों की हालत नहीं सुधारती. पटना एयरपोर्ट का म्यूजियम अच्छा है, जेपी नारायण के नाम पर पटना म्यूजियम को बंद कर दिया गया है. सरकार उसको भी बेचने की तैयारी कर रही है.

आखिर में सपा मुखिया ने ओम प्रकाश राजभर की चिट्ठी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ओपी राजभर अपने साथियों और विधायकों के साथ हमारे साथ आ जाएं, सारे मसले हल हो जाएंगे. ओमप्रकाश राजभर ने आरक्षण में वर्गीकरण को लेकर के अखिलेश यादव को पत्र लिखा था जिस पर अखिलेश यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी.

मायावती पर बरसे इमरान मसूद.
मायावती पर बरसे इमरान मसूद. (Photo Credit; ETV Bharat)

सहारनपुर में इमरान मसूद ने मायावती पर साधा निशाना : सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने मायावती पर पलटवार किया है. इमरान मसूद ने कहा कि दलित समुदाय के लिए सबसे ज्यादा काम कांग्रेस ने किए. सांसद ने जमीन के पट्टों से लेकर आरक्षण और SC/ST एक्ट की याद दिलाई. सांसद ने कहा कि हमला तो उस पार्टी पर बोलना चाहिए जिसकी सरकार चल रही है. देश के एक दलित CJI को बर्दास्त नहीं कर पा रहे हैं. उनके ऊपर जूता फेंक दिया गया. सविंदा के नाम पर नौकरियां खाई जा रहीं हैं.

सांसद ने कहा कि पिछले 10 सालों में शिक्षा 100 गुना मंहगी हो गई. बहन जी का ध्यान इसके ऊपर नहीं गया. कांग्रेस से आपकी क्या दुश्मनी है. पता नहीं किसी वजह से उन्होंने भाजपा की तारीफ की, यह मेरी समझ में नहीं आया. जो मिशन कांशीराम ने चलाने का काम किया, वह भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से किसी भी सूरत में मेल नहीं खाता है.

यह भी पढ़ें : अखिलेश यादव बोले- आजम खान पर झूठे मुकदमे दर्ज हुए, सपा की सरकार आते ही रद्द होंगे सभी केस