इंदौर एयरपोर्ट पर Air India Express की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, विमान में 161 यात्री थे सवार
पायलट को इंजन में तकनीकी खराबी नजर आने पर उसने एटीसी को दी इसकी जानकारी. इसके बाद आनन-फानन में कराई गई विमान की इमरजेंसी लैडिंग.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : September 5, 2025 at 1:46 PM IST
|Updated : September 5, 2025 at 3:26 PM IST
इंदौर: इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को दिल्ली से इंदौर आ रही एक फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई. जानकारी के मुताबिक फ्लाइट के एक इंजन में कुछ टेक्निकल फॉल्ट आ गया था. फ्लाइट के पायलट ने इसकी जानकारी एटीसी को दी. विमान में सवार यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फ्लाइट इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई. इससे पहले एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और CISF की टीमें तैनात की गई थीं.
तकनीकी टीम फ्लाइट में खराबी की कर रही है जांच
बता दें, शुक्रवार सुबह नई दिल्ली से इंदौर आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट नं IX-1028 के पायलट को यहां विमान की लैंडिंग से पहले इंजन में तकनीकी खराबी की सूचना मिली. फ्लाइट में तकरीबन 161 यात्री सवार थे. यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर इंदौर एयरपोर्ट पर फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. सुबह 9.55 बजे विमान को सुरक्षित तरीके से उतारा गया. फिलहाल तकनीकी टीम फ्लाइट में खराबी की जांच कर रही है. इसके बाद विमान को वापस दिल्ली भेजा जाएगा. घटनाक्रम में किसी को किसी तरह का कोई नुकसान होने की सूचना नहीं है.
- दिल्ली से इंदौर जा रही एयर इंडिया फ्लाइट के इंजन में लगी आग, कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
- आसमान में पहुंचते ही प्लेन में लगे झटके, इंडिगो की हुई इमरजेंसी लैंडिंग
वहीं इंदौर एयरपोर्ट के डायरेक्टर वीके सेठ ने कहा, दिल्ली से इंदौर आ रही फ्लाइट में टेक्निकल दिक्कत सामने आई थी जिसके चलते इंदौर एयरपोर्ट पर उसकी सैफ लैंडिंग करवा ली गई. लैंडिंग से पहले इंदौर एयरपोर्ट पर तमाम इमरजेंसी की तैयारियां मसलन फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और CISF की टीमें तैनात की गई थीं. जिसके बाद प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई. बता दें इंदौर एयरपोर्ट पर इस तरह की इमरजेंसी लैंडिंग पहले भी कई बार हो चुकी है.
दिल्ली जाने वाली फ्लाइट हुई कैंसिल
जानकारी के मुताबिक, यही फ्लाइट इंदौर से यात्रियों को लेकर वापस दिल्ली जाती है. इंजन में तकनीकी खराबी की वजह से अभी फ्लाइट एयरपोर्ट पर खड़ी है. सुबह 10 बजकर पांच मिनट पर इंदौर से दिल्ली वापसी की फ्लाइट नं IX-1029 को कैंसिल कर दिया गया है.

