ETV Bharat / state

नकली सोना-असली लोन: गोल्ड लोन कंपनी को धोखा देकर 87 लाख डकारे; 23 पर एफआईआर

आगरा में नकली सोना गिरवी रखकर 87 लाख रुपए का लोन लिया गया.

आगरा में नकली सोना गिरवी रखकर गोल्ड लोन.
आगरा में नकली सोना गिरवी रखकर गोल्ड लोन. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : March 26, 2025 at 8:35 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

आगरा: गोल्ड लोन देने वाली एक कंपनी के कर्मचारियों और ग्राहकों ने नकली सोना गिरवी रखकर 87 लाख रुपए का लोन ले लिया. जब कंपनी ने सोना की जांच कराई तो वह नकली निकला. इसके बाद धोखाधड़ी का खुलासा हुआ. गोल्ड लोन कंपनी के रीजनल मैनेजर ने डीसीपी सिटी से मामले की शिकायत की. इसके बाद एक्टिव पुलिस ने सिकंदरा थाने में 87 लाख का लोन पास कराने वाले 4 कर्मचारियों सहित 23 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की.

जानकारी के मुताबिक, सिकंदरा थाना क्षेत्र के शास्त्रीपुरम में केप्री ग्लोबल कैपीटल लिमिटेड कंपनी का कार्यालय है. कंपनी का मुख्यालय मुंबई में है. केप्री ग्लोबल कैपीटल लिमिटेड कंपनी के रीजनल मैनेजनर अमरेश श्रीवास्तव ने सिकंदरा थाना पुलिस को शिकायत दी. आरोप लगाया कि शास्त्रीपुरम शाखा में ग्राहकों के एक ग्रुप ने अलग-अलग दिनों में नकली सोने के आभूषणों को गिरवी रखकर लोन लिया है. जब सोने के आभूषणों की गुणवत्ता की जांच कराई, तो आभूषण नकली होने की जानकारी मिली.

चार कर्मचारियों ने पास किया लोन: कंपनी के रीजनल मैनेजर अमरेश श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि कंपनी की शाखा मैनेजर अजय प्रताप सिंह, रोहित उपाध्याय, अर्जित सिंह जादौन और हरी मोहन ने मिलकर ये पूरा खेल किया है. आरोपियों ने नकली सोने पर लोन दिया. इसके लिए आरोपियों ने 37 लोन खाते बनाए. इन खातों पर करीब 87 लाख रुपए का लोन पास कर दिया. इससे कंपनी को अधिक नुकसान हुआ है.



23 लोगों पर एफआईआर: डीसीपी सिटी की आदेश के बाद शाखा प्रबंधक समेत 23 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया. सिकंदरा थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज शर्मा ने बताया कि रीजनल मैनेजर की तहरीर पर कपंनी की आगरा शाखा के चार कर्मचारी अजय प्रताप सिंह, रोहित उपाध्याय, अजित सिंह जादौन और हरिमोहन के साथ ही ग्राहक में अल्ताफ अली, अंकित गर्ग, चेतन परिहार, देवेश गौतम, धर्मेंद्र सारस्वत, डिंपल जैन, पुष्पेंद्र कुमार, मनीष त्यागी, रविंद्र कपूर, रवि कुमार, रजनीश प्रताप, सन्नी पाराशर, सोमित्र कुमार सिंह, सौरभ शर्मा, शमशाद अली, सुमित उप्रैती, सुशील हरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.


पहले भी पकड़ा गया था गिरोह: शहर में कमला नगर और न्यू आगरा क्षेत्र में भी गोल्ड लोन कंपनी में नकली सोना गिरवी रखकर धोखाधड़ी करने के मामले सामने आए थे. इसके साथ ही पुलिस ने गिरोह को पकड़ा था, जो जेल गया. इसमें सोना चेक करने वाले कर्मचारी से लेकर कागजात तैयार करने वाले कर्मचारी की मिलीभगत सामने आई थी. नकली सोने को असली बताकर गिरवी रखवाकर करोड़ों रुपए का लोन लिया गया और इसके बाद में किस्तें अदा नहीं कीं. जब फाइनेंस कंपनी ने रिकवरी निकाली, तो फर्जी दस्तावेज का खुलासा हुआ था.

यह भी पढ़ें: आगरा में बोले मंत्री जयवीर सिंह- 'नो कर्फ्यू, नो दंगा...यूपी में सब चंगा', हम आक्रांताओं को नायक नहीं बनने देंगे - AURANGZEB CONTROVERSY